दतिया में बर्ड फ्लू की जांच रिपोर्ट आने में लगेंगे तीन दिन और, दतिया और भांडेर में फिर मिले मृत कौवे

दतिया ।  दतिया एवं भांडेर में कौवे मरने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी जहां शहर के ठंडी सड़क स्थित छोटे फव्वारे के पास खेत में कौवा मृत पड़ा मिला, वहीं भांडेर में विधायक कालौनी िस्थत कन्या छात्रावास परिसर में एक कौवा मृत मिलने पर बेटनरी चिकित्सक ने उसे सावधानी पूर्वक उठवाकर जमीन में गडवा दिया।

बर्ड फ्लू की आशंका के चलते लोगों में भय बढ़ने लगा है। इसी बीच शहर में ठंडी सड़क स्थित छोटे फव्वारे के पास हरी मूली वाले के पास खेत में मृत कौवा पड़ा मिला। जिसकी जानकारी संबंधितों को पहुंचाई गई। इधर शनिवार को भांडेर में विधायक कॉलोनी स्थित कन्या छात्रावास परिसर में एक मृत कौआ मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक मयंक गुप्ता द्वारा उसका सुरक्षित तरीके से उठाव करवा कर बस्ती क्षेत्र से बाहर जमीन में गहरा गड्ढा करवा कर गड़वा दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को भी नगर में दो विभिन्न स्थानों पर दो मृत कौए मिले थे।

इसी प्रकार बरचौली पंचायत भवन परिसर में भी एक कबूतर के तड़पकर दम तोड़ने की सूचना है। वहां मौजूद रोजगार सहायक जितेंद्र खेमरिया ने उसे जमीन में गड़वा दिया गया। इसी क्षेत्र में कोयल सहित अन्य तीन पक्षियों के भी खेतों में मरे मिलने की सूचना है। इस मामले में पशु चिकित्सक मयंक गुप्ता का कहना है कि जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक बर्ड फ्लू की भांडेर में आमद की आधिकारिक पुष्टि करना या इस विषय में कुछ कहना संभव नहीं है। लेकिन फिर भी लोग सावधानी जरूर बरतें।

जांच रिपोर्ट आने  में लगेंगे और तीन दिन

इधर उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जी.दास ने बताया कि मृत पक्षियों की मौत के कारणों की जांच के लिए सैंपल भोपाल भेजे गए थे। जहां से रिपोर्ट आने में अभी तीन दिन का समय और लग सकता है। जिसके बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि पक्षियों की मौत किस कारण हुई है। उन्होंने अभी तक 10 मृत कौवे मिलने की पुष्टि की।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter