बम बम महादेव के अतिक्रमण को दूसरे दिन जेसीबी ने ढहाया, पक्के निर्माण तोड़े गए

दतिया । गुरुवार को दूसरे दिन भी भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की । जेसीबी चलाकर बमबम महादेव, सेवढ़ा चुंगी पर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को जमींदोज किया गया । सुबह से ही नगर पालिका, पुलिस तथा जिला प्रशासन का अमला अतिक्रमण के लिए चिन्हित किए गए क्षेत्रों में पहुंच गया और अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया था। जिला प्रशासन ने संयुक्त टीम के माध्यम से गुरुवार को नगर पालिका के सामने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को सबसे पहले हटाया। उसके बाद जेसीबी के माध्यम से सेवढ़ा चुंगी पर सालों से किए गए अतिक्रमण को भी हटा दिया गया।

इस दौरान एक मसाला व्यापारी अपने कागज लेकर एसडीएम अशोक सिंह चौहान के पास भी गया। दुकानदार ने बताया कि जिस जमीन के हिस्से पर मुझे वर्षों पहले पट्टा दिया गया था, अब उसे हटा रहे हैं। इस पर एसडीएम चौहान ने कहाकि यह कलेक्टर का आदेश है। आप चाहे तो कलेक्टर से बात कर लीजिए। इस पर दुकानदार ने कलेक्टर को फोन भी लगाया, किंतु कलेक्टर का फोन बंद आया। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने से पूर्व सभी दुकानदारों को मोहलत दी कि वे अपना सामान हटा ले। इसके बाद ही अतिक्रमण तोड़े गए।

शहर के अन्य क्षेत्रों पर नहीं है प्रशासन की नजर

शहर में चलाए जा रहे भू माफियाओं के खिलाफ अभियान में अभी भी प्रशासन की नजर में ऐसे कई क्षेत्र नहीं है जहां पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। इसके साथ ही सरकारी जमीन का किराया वसूल रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से पीतांबरा मंदिर चौराहे स्थित नृसिंह टीला मंदिर की दुकानें हैं, जहां फुटपाथ का किराया दुकानदार ले रहे हैं। इससे प्रतिवर्ष नगर निगम को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा कृषि उपज मंडी के मुख्य द्वार पर ही और उसके आसपास वाले क्षेत्रों में काफी लंबा-चौड़ा अतिक्रमण है। इससे यहां पर आए दिन हादसे भी होते रहते हैं।

पार्क की दुर्दशा का कारण बना अतिक्रमण

जहां एक ओर पार्क को विकसित करने के लिए कलेक्टर संजय कुमार जनभागीदारी और समाजसेवियों से अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के सुंदर महात्मा गांधी पार्क चारों ओर अतिक्रमण से घिरा हुआ है। यहां पर अस्थाई सब्जी मंडी काफी समय से लग रही है। जबकि सब्जी विक्रेताओं के लिए ठंडी सड़क शुरु होने से पहले चर्च के समीप बाकायदा मंडी बना रखी है। ये दुकानदार यहां से शिफ्ट ही नहीं होते है। इससे इस क्षेत्र में आवागमन बाधित होता है और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। इसके अलावा टाउन हॉल के समीप सब्जी मंडी को पूर्व में स्थानांतरित किया गया था। अब यहां फिर से सब्जी मंडी लगना शुरु हो गई है। इससे भी आवागमन खासा बाधित होता रहता है। प्रशासन की इस ओर नजर नहीं जा रही है, जबकि यह क्षेत्र शहर का मुख्य मार्ग है।

इस मामले में एसडीएम दतिया अशोक सिंह चौहान का कहना है कि हमें जो शासन से सूची सौंपी गई है, उन चिन्हित अतिक्रमणों को हटाना हमारी प्राथमिकता है। यह अतिक्रमण किसके हैं, हमें नहीं मालूम। सिर्फ इतना मालूम है कि सरकारी जमीन पर यह अवैध कब्जा है। इसलिए हटाया जा रहा है। वहीं नगर पालिका दतिया सीएमओ अनलि दुबे के मुताबिक अभी तो फिलहाल बड़े नामचीन लोगों के अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। जिसे शासन ने चिन्हित किया है। गांधी पार्क और सब्जी मंडी वाले अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter