लाेकेंद्र क्लब सहित 7 दुकानों पर चली जेसीबी, अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक टीम ने की कार्रवाई

दतिया । दतिया शहर में एक बार फिर से अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की गई। शुक्रवार को दोपहर बाद सिविल लाइन रोड एवं लोकेंद्र क्लब क्षेत्र में जेसीबी चलाकर सरकारी जमीन खाली कराई गई। इस दौरान बाउंड्री वाल और सात दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहने के संकेत प्रशासन की ओर से दिए गए हैं। शुक्रवार को भी इसीके तहत कार्रवाई की गई। अतिक्रमण कर्ताओं को पूर्व में नोटिस भी दिए गए थे।

प्रभारी तहसीलदार नितेश भार्गव ने बताया कि अवैध कब्जा धारियों ने सिविल लाइन क्षेत्र में सरकार की लगभग सात बीघा जमीन पर बाउंड्री और दुकानें बना ली थी। इस संदर्भ में पहले इन कब्जा करने वालों को दो बार सूचित भी किया गया था। इसके बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर पालिका, जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भारतीयम् स्कूल के पास लगी बाउंड्री वाल और दुकानों को जेसीबी से माध्यम से तोड़ दिया गया। यह शासकीय जमीन थी और इसकी कीमत करोड़ो रुपये की है। इसी प्रकार प्रशासन ने चितवां क्षेत्र में भी कई अतिक्रमण हटाएं।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। इस दौरान क्षेत्र की बिजली बंद कर दी गई थी और ट्रैफिक को भी रोक दिया गया। इस कार्रवाई में तहसीलदार नितेश भार्गव, एसडीओपी बड़ौनी उपेंद्र दीक्षित, जिगना थाना प्रभारी वैभव गुप्ता, चिरूला थाना प्रभारी भूमिका दुबे, सिविल लाइंस थाना प्रभारी प्रियंका यादव, गोराघाट थाना प्रभारी कमल किशोर गोयल तथा शहर कोतवाली के थाना प्रभारी रविंद्र सिंह गुर्जर भी उपस्थित रहे। इस दौरान नगर पालिका अमले की तरफ से अनुपम पाठक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter