जेसीबी गरजी दो दुकानें जमींदाेज : अतिक्रमण कर बनाए गए पक्के निर्माणों को तोड़ने की हुई कार्रवाई, पुलिस बल रहा मौजूद

Datia News : दतिया । अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर बुधवार को राजस्व अमले ने भांडेर अनुभाग में कार्रवाई की। इस दौरान जेसीबी ने सरकारी जगह पर किए गए पक्के निर्माण को धराशायी कर दिया। अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा। मंगलवार को इस संबंध में राजस्व विभाग से शिकायतें की गई थी। जिसके बाद जांच हुई और अतिक्रमण में बनी दुकाने हटाने की कार्रवाई की गई।

भांडेर अनुभाग के पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडोखर में दूसरे समुदाय द्वारा अवैध रूप से शासकीय भूमि पर किए गए कब्जे के विरोध में मंगलवार से शुरू हुआ हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा।

हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का कहना था कि कब्जाए भूभाग पर बनाए पक्के और स्थाई निर्माण को तुरंत जमींदोज किया जाए। वहीं प्रशासन का कहना है कि मात्र शिकायत के आधार पर ऐसी कार्रवाई तत्काल नहीं की जा सकती। इसके लिए वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना होता है।

दो दुकानों को करा जमींदोज :  बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग ने दो दुकानों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया है। इन दुकानों को पूर्व में की गई शिकायतों पर इनकी जांच प्रक्रिया पूरी कर उन्हें शासकीय भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाया गया था। जिसके बाद संबंधित व्यक्ति चांद खां पुत्र अब्दुल रहमान को इन दुकानों से बेदखली का नोटिस जारी किया गया। जिसके बाद बुधवार को इन्हें जमींदोज कर दिया गया।

10 दुकानें भी विवादित : दो दुकानों को जमींदोज किए जाने के बाद पंडोखर में मुख्य मार्ग पर दो मंजिला दस दुकानें भी निशाने पर हैं। बताया जाता है कि दुकानें अवैध रूप से शासकीय भूमि पर मुकद्दर खां द्वारा निर्मित की गई हैं।

वहीं इस मामले में नायब तहसीलदार पंडोखर वृत्त शालिनी भार्गव का कहना था कि उसे नोटिस देकर उक्त दुकानों के निर्माण संबंधी वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं थाना प्रभारी पंडोखर अजय अंबे ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। साथ ही किसी प्रकार का सामाजिक माहौल न बिगड़े, इसके लिए हम सतत निगरानी रखे हुए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!