झारखंड में तीसरे मोर्चे का गठन, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो की अगुआई में 5 विधायक आए साथ

रांची : आजसू पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने दो निर्दलीय विधायकों के साथ मिलकर शुक्रवार को झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा (जेएलएम) का गठन करते हुए कहा कि वर्तमान में इसका उद्देश्य राज्य के ज्वलंत मुद्दों को उठाना है।

ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो और पार्टी विधायक लमोदर महतो, प्रदेश राकांपा अध्यक्ष कमलेश सिंह और दो विधायकों–सरयू राय तथा अमित यादव ने यहां एक समारोह में यह नया मोर्चा बनाया।

झारखंड में रघुबर दास के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री रहे राय ने कहा, ‘‘ गठबंधन बनाने का उद्देश्य झारखंड से संबंधित ज्वलंत मुद्दों को राज्य विधानसभा में उठाना है। सुदेश महतो हमारे नेता होंगे, जबकि अमित यादव मोर्चा के मुख्य सचेतक होंगे।’’

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter