एक मंच पर नजर आए जीतू पटवारी-दिग्विजय सिंह : कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक, प्रत्याशी चयन पर हुआ मंथन; फोन के माध्यम से जुड़े भारती !

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए शनिवार को शहर में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं से संवाद, संगठन को चुनावी मोड में लाना और संभावित प्रत्याशी को लेकर जमीनी फीडबैक लेना रहा।

एक मंच पर दिखी प्रदेश नेतृत्व की एकजुटता : कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूरे समय एक साथ नजर आए। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। सम्मेलन में पार्टी नेतृत्व ने संदेश देने की कोशिश की कि उपचुनाव में कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी।

कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक, प्रत्याशी चयन पर हुआ मंथन : सम्मेलन के दौरान कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंच से अपने विचार रखे। पार्टी सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा उपचुनाव के लिए संभावित प्रत्याशी को लेकर भी कार्यकर्ताओं की राय जानी। सम्मेलन के बाद प्रदेश नेतृत्व ने कई पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

BJP पर साधा निशाना : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने संबोधन में भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान नहीं करती और उपचुनाव की नौबत भी इसी कारण बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतभेद भुलाकर कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।

फोन पर राजेंद्र भारती का संदेश भी सुनाया गया : सम्मेलन के दौरान एक रोचक घटनाक्रम भी देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के संबोधन के बीच पूर्व विधायक राजेंद्र भारती का फोन आया। इसके बाद मंच से मोबाइल को माइक के माध्यम से जोड़कर कार्यकर्ताओं को उनका संदेश सुनाया गया। राजेंद्र भारती ने फोन के जरिए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने और उपचुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

टिकट को लेकर नेताओं ने रखी अपनी बात : उपचुनाव में टिकट के संभावित दावेदारों में शामिल माने जा रहे नेताओं ने भी मंच से अपनी राय रखी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, वे उसके साथ पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। वहीं कांग्रेस नेता घनश्याम सिंह ने कहा कि वे टिकट की मांग नहीं कर रहे हैं, लेकिन यदि पार्टी जिम्मेदारी सौंपती है तो उसे स्वीकार करेंगे और पूरी निष्ठा से चुनाव लड़ेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter