ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महाआर्यमन पहुंचे पीतांबरा पीठ : मां के दरबार में माथा टेका, भाजपा युवा नेताओं ने किया स्वागत

Datia News  : दतिया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सुपुत्र एवं जीडीसीए के वाइस प्रेसीडेंट महाआर्यमन सिंधिया मंगलवार शाम अल्प प्रवास पर दतिया पहुंचे। दतिया पहुंचने पर महाआर्यमन का सिंधिया समर्थकों ने भव्य स्वागत किया।

इस दौरान भाजपा युवा नेता विवेक मिश्रा के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने महाआर्यमन सिंधिया को फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। महाआर्यमन शिवपुरी से ग्वालियर लौटते समय कुछ देर के लिए दतिया रुके थे।

जहां उन्होंने पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगुलामुखी के दर्शन किए। इस दौरान महाआर्यमन ने पीठ पर भाजपा युवा नेता डा.विवेक मिश्रा एवं भांडेर विधायक रक्षा संतराम सिरोनिया के साथ महाभारतकालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया। गौरतलब है कि महाआर्यमन का यह संभवता पहला दतिया प्रवास था। जहां उन्होंने पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां के दरबार में माथा टेका।

दतिया में स्वागत के दौरान भांडेर विधायक रक्षा संतराम सिरोनिया, विक्की सिरोनिया, अतुल भूरे चौधरी, दीपक बेलपत्री, सिल्लन साहू, मानसिंह कुशवाह, अक्कू दुबे, रिंकू दुबे, राहुल पुरोहित, टेलु यादव, कपिल शेजवार, शादाब खान आदि भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जीडीसीए के उपाध्यक्ष हैं महाआर्यमन : महाआर्यमन सिंधिया वर्तमान में ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं। इस पद को संभालने के साथ ही माना जाने लगा था उनकी राजनीति में भी जल्दी एंट्री हो सकती है। महाआर्यमन सोशल मीडिया के जरिए भी युवा वर्ग से जुड़े रहते हैं।

महाआर्यमन की पढ़ाई की बात करें तो वे भी अपने पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया की तरह दून स्कूल से पढ़े हैं। इसके बाद वह हायर एजुकेशन के लिए विदेश रवाना हो गए।

जहां उन्होंने अमेरिका के शिकागो की प्रतिष्ठित येल यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की है। सिंधिया घराने की तीसरी पीढ़ी के सदस्य महाआर्यमन के राजनीति में आने को लेकर काफी लंबे समय से कयास लगाई जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter