दतिया.भांडेर उपचुनाव में भांडेर की जनता को पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कमलनाथ को देखने-सुनने का मौका मिलेगा. कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह बरैया के समर्थन में सोमवार 5 अक्टूबर को कमलनाथ हेलीकॉप्टर से भांडेर तहसील मुख्यालय से लगभग दो किमी दूर बिछरेठा स्थित हेलीपेड पर उतरेंगे.यहां से वे सड़क के रास्ते सभास्थल कृषि उपज मंडी पहुंचकर आमसभा को संबोधित करेंगे।.
इस संबंध में जानकारी देते हुए ब्लॉक अध्यक्ष भांडेर संदीप यादव ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लगभग 5 घंटे भांडेर में रहेंगे. पहले भांडेर विधानसभा क्षेत्र के उनाव और भांडेर दो जगहों पर कमलनाथ की सभाएं होनी थीं. लेकिन उनाव की सभा निरस्त होने के बाद अब मात्र भांडेर में ही कमलनाथ की आमसभा होनी है. इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी आमसभा को संबोधित करेंगे.
500 बाइकों की रैली के साथ स्वागत करेगी युवा कांग्रेस
हेलीपेड पर आगमन के बाद सभा स्थल तक भांडेर विधानसभा के युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता 500 बाइकों की रैली के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का स्वागत करेंगे. आमसभा को संबोधित करने के उपरांत कमलनाथ सभास्थल के पास ही पार्टी के ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर पदाधिकारियों सहित बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ पृथक से चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे.गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 15 स्थानों का सभास्थलों के रूप में चयन किया है. जिनमें 5000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला मंडी प्रांगण भांडेर विधानसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा मैदान है. कोविड 19 के मद्देनजर प्रशासन ने यहां सभा में 3000 व्यक्तियों के सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की है.

