Kangana Ranaut का बॉडीगॉर्ड हुआ गिरफ्तार, रेप और धोखाधड़ी का है आरोप

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट के निजी बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े को मुंबई पुलिस ने कर्नाटक स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उस पर शादी का भरोसा देकर एक युवती से दुष्कर्म तथा धोखाधड़ी का आरोप है। आरोप है कि कुमार रविवार को दूसरी लड़की से शादी करने वाला था। डीएन नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कुमार को शनिवार की दोपहर मांड्या जिले के हेगड़ाहल्ली गांव से गिरफ्तार किया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया है। अधिकारी के अनुसार, ’30 वर्षीय पीड़िता ब्यूटीशियन है। उसने एक हफ्ते पहले कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी और बताया था कि दोनों एक-दूसरे को आठ साल से जानते थे। कुमार ने पिछले साल जून में उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे उसने स्वीकार कर लिया था। 27 अप्रैल को कुमार ने उससे यह कहते हुए 50 हजार रुपये लिए कि गांव पर उसकी मां की मौत हो गई है। घर पहुंचने के बाद कुमार ने युवती से सभी प्रकार का संवाद खत्म कर लिया।’ पुलिस ने बताया कि पीड़िता को किसी प्रकार पता चला कि कुमार किसी दूसरी लड़की से शादी की तैयारी में तो उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। उसके खिलाफ दुष्कर्म, अप्राकृतिक यौन संबंध व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter