लाठी-सरियों से लैस कंजरों ने शराब दुकान पर बोला धावा, सेल्समेन का सिर फोड़ा, गंभीर हालत में रेफर

Datia News : दतिया। थरेट थाना क्षेत्र के चीना डेरा पर रहने वाले कंजर समुदाय के डेढ़ दर्जन से ज्यादा महिला पुरुषों ने शुक्रवार रात कस्बे की शराब दुकान पर धावा बोल दिया। इस दौरान लाठी व लोहे के सरिए लेकर आए कंजर हमलावरों ने शराब की दुकान पर बैठे सेल्समेन पंकज पुत्र लल्लूराम जाटव निवासी मथुरा हाल निवास थरेट पर हमला बोल दिया। इस हमले में सेल्समेन के सिर में गंभीर चोटें आई।

घटना की सूचना मिलने पर थरेट पुलिस मौके पर पहुंची। जहां घायल अवस्था में पड़े मिले सेल्समेन को इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सेल्समेन की गंभीर हालत देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद दतिया रेफर कर दिया गया। इस घटना में शामिल 4 हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दुकान के दूसरे सेल्समेन नरेश यादव ने घटना के बारे में पुलिस को बताया कि गत 23 जून को आबकारी विभाग एवं थरेट पुलिस ने कंजर डेरा पर छापामार कार्रवाई कर करीब 7 लाख रुपये की कच्ची शराब नष्ट की थी, इस कार्रवाई को लेकर कंजर समुदाय के लोग नाराज थे। उन्हें शक था कि शराब ठेकेदार ने उन पर यह कार्रवाई कराई है।

इसी बात से गुस्साए कंजर समुदाय के लोगों ने ठेकेदार रामप्रकाश शिवहरे की शराब दुकान पर हमला बोलकर सेल्समेन से मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस ने पंकज शिवहरे की रिपोर्ट पर रतनलाल कंजर, अमिताभ कंजर, कालीचरण कंजर, लक्ष्मण कंजर, रामानंद कंजर के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। जिसमें पुलिस ने चार आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!