कर्नाटक – केरल में तबाही मचाते हुए आगे बढ़ रहा तूफान ‘टाउते’, अलर्ट पर महाराष्‍ट्र और गुजरात

नई दिल्ली : अरब सागर से उठा समुद्री तूफान टाक्टे केरल, कर्नाटक और गोवा के तटवर्ती इलाकों में तबाही मचाते हुए रविवार को आगे बढ़ गया। इस दौरान सैकड़ों घर उजड़ गए और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। इस दौरान तूफान से जुड़े हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार टाक्टे के चलते महाराष्ट्र के तटवर्ती कई जिलों में सोमवार (17 मई) को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार है।

हवाओं की रफ्तार के अनुसार इस तूफान को अति गंभीर की श्रेणी में रखा गया है। यह तूफान अगले 24 घंटों में और विकराल होगा और सोमवार की शाम तक गुजरात पहुंच जाएगा। हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ के साथ कोस्टगार्ड, नौसेना और वायुसेना भी मुस्तैद है। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र, गुजरात के मुख्यमंत्रियों और दमन और दीव और दादरा नगर हवेली के प्रशासकों के साथ बैठक कर बचाव की तैयारियों पर चर्चा की।

उन्होंने तूफान के दौरान कोविड अस्पतालों और आक्सीजन प्लांट की सुरक्षा का विशेष प्रबंध करने और आक्सीजन का पर्याप्त स्टाक रखने का निर्देश दिया। वहीं कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने भी नेशनल क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। टाक्टे के कारण केरल में हुई भारी बारिश से राज्य के कई बांधों में जल स्तर बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। संभावित खतरे के प्रति राज्य प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।

बेंगलुरु से मिली जानकारी के अनुसार कर्नाटक के उत्तर कन्नड़, उडुपी, चिकमंगलुरु और शिवमोगा में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। तूफान से सात जिलों के 70 से ज्यादा गांव प्रभावित हुए हैं। कई जगह घर और पेड़ गिर गए हैं। गोवा में रविवार सुबह से ही तेज हवाएं चलनी लगीं। कई जगह बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से राज्य के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इस दौरान राज्य में दो लोगों की मौत हो गई। टाक्टे से निपटने के लिए महाराष्ट्र ने कमर कस ली है। मौसम विभाग ने उत्तरी कोंकण में दूरदराज इलाकों के साथ मुंबई, थाणे और पालघर में भारी बारिश की आशंका जताई है।

अहमदाबाद से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात में निचले तटवर्ती इलाकों में रहने वाले 1.5 लाख लोगों को हटाकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। मौसम विभाग के अनुसार तूफान के कारण सोमवार की शाम तक हवाओं की रफ्तार 150 से 160 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। मंगलवार सुबह तक हवाओं की रफ्तार में और बढ़ोतरी हो सकती है। 

Banner Ad

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter