अक्षय कुमार की फिल्म ‘पृथ्वीराज’ के नाम पर करणी सेना को आपत्ति, रिलीज से पहले फिल्म दिखाने की मांग की

जयपुर । अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म पृथ्वीराज रिलीज होने से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है। श्री राजपूत करणी सेना की युवा शाखा के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने फिल्म का नाम बदलने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि फिल्म का नाम सिर्फ पृथ्वीराज रखा गया है, जो उचित नहीं है। गौरतलब है कि अक्षय कुमार की यह फिल्म पृथ्वीराज चौहान के जीवन और वीरता के किस्सों पर आधारित है।

सुरजीत सिंह ने कहा कि पृथ्वीराज चौहान एक महान राजपूत राजा थे, इसलिए उनके पूरे नाम पर ही फिल्म का नाम रखा जाना चाहिए । फिल्म रिलीज करने से पहले उन्हें दिखाई जानी चाहिए। उन्होंने फिल्म निर्माता को चेतावनी दी है कि यदि वह सलाह नहीं मानेंगे तो इसकी सजा भुगतने के लिए तैयार रहें। सुरजीत सिंह ने फिल्म पद्मावत के निर्माता संजय लीला भंसाली की चर्चा करते हुए कहा कि जो उनके साथ हुआ, कुछ ऐसा ही इस फिल्म और निर्माता के साथ हो सकता है।

एक बयान में सुरजीत सिंह ने कहा कि इस फिल्म का नाम बदला जाना चाहिए। गौरतलब है कि फिल्म पृथ्वीराज का निर्माण यशराज बैनर कर रहा है। इस फिल्म की शूटिंग फरवरी में ही खत्म हो चुकी है । इस फिल्म के निर्माता-निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी हैं। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ अभिनेता सोनू सूद व आशुतोष राणा ने भी अभिनय किया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter