उत्‍तराखंड : भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस से निष्कासित किशोर उपाध्याय, टिहरी से लड़ेंगे चुनाव

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को टिहरी से अपना उम्मीदवार घोषित किया। उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को भाजपा की सदस्यता ली थी।भाजपा ने डोइवाला से बृजभूषण गैरोला को टिकट दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पिछला चुनाव डोइवाला से ही जीता था। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को पत्र लिखकर चुनाव ना लड़ने की इच्छा जताई थी।

इस प्रकार भाजपा ने राज्य की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को देहरादून में केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

उपाध्याय पूर्व में दो बार टिहरी से विधायक रह चुके हैं। वह नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में बनी प्रदेश की पहली निर्वाचित सरकार में उद्योग राज्य मंत्री थे । वह वर्ष 2014 से 2017 तक उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे।

उपाध्याय पिछले काफी समय से वरिष्ठ नेता होने के बावजूद कांग्रेस में उपेक्षित महसूस कर रहे थे। उन्हें अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस की सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था।
इस पहाड़ी राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होना है।

Written & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter