सिंध नदी में मगरमच्छ के हमले से मजदूर की मौत : रतनगढ़ घाट के पास मिला अधखाया शव, बाइक और कपड़े भी बरामद

दतिया | अतरेटा थाना क्षेत्र में रतनगढ़ मंदिर के पास सिंध नदी में मगरमच्छ के हमले की आशंका के बीच एक मजदूर की मौत का मामला सामने आया है। घटना के करीब दो दिन बाद शुक्रवार शाम नदी से मृतक का अधखाया शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान भिंड जिले के मंटोले कुशवाहा (42) के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

नदी किनारे मिली बाइक और कपड़े : पुलिस के मुताबिक, रतनगढ़ घाट के पास मृतक की बाइक और कपड़े मिले थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मंटोले कुशवाहा नदी में उतरे होंगे और इसी दौरान मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की गई। लगातार खोजबीन के बाद शुक्रवार शाम शव बरामद किया गया।

अकेले आए थे या किसी के साथ, स्पष्ट नहीं : पुलिस जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक रतनगढ़ मंदिर और सिंध नदी के घाट पर अकेले पहुंचे थे या उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था। परिजन भी इस संबंध में पुलिस को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे : परिजनों के अनुसार, मंटोले कुशवाहा मजदूरी का काम करते थे और इसी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद सिंध नदी के आसपास रहने वाले लोगों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और मगरमच्छ के हमले की आशंका को लेकर भी जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter