ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ग्वालियर प्रवास के दौरान रक्षाबंधन के पावन पर्व का आत्मीय माहौल देखने को मिला। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर स्थानीय लाड़ली बहनों और सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ की महिला जवानों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी। इस दौरान बहनों ने लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत रक्षाबंधन पर मिली अतिरिक्त उपहार राशि के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद पत्र भी सौंपा।
हर बहन की सुरक्षा और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता : राखी बंधवाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी बहनों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का अटूट संबंध सिर्फ त्योहार तक सीमित न होकर जीवनभर के विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि मध्यप्रदेश की हर बहन को आत्मनिर्भर बनाना, उनका सम्मान बनाए रखना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार का प्राथमिक संकल्प है।
घर से दूर तैनात महिला सुरक्षा कर्मियों ने भी बांधी राखी : एयरपोर्ट सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ की महिला जवान रासकर अश्विनी (महाराष्ट्र) और पूनम यादव (राजस्थान) ड्यूटी पर होने के कारण इस बार अपने घर नहीं जा सकी थीं। उन्होंने भी मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। महिला कर्मियों ने भावुक होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को राखी बांधकर उन्हें घर और भाई की कमी महसूस नहीं हुई।
औद्योगिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे मुख्यमंत्री : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भिंड जिले के मालनपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी यूनिट का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस दौरान वे संक्षिप्त प्रवास के तहत ग्वालियर विमानतल पर रुके। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और निगम अध्यक्ष उपस्थित रहे।

