निवेश के नाम पर लाखों की ठगी : कटनी पुलिस ने आरोपी को दबोचा, ₹76 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

भोपाल : मध्यप्रदेश में आर्थिक अपराधों और निवेश के नाम पर ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कटनी जिले की एनकेजे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापार में निवेश का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36 लाख 30 हजार रुपये नगद, एक लग्जरी वाहन और अन्य संपत्तियां जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 76 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

रेलवे कॉन्ट्रैक्टर बताकर लोगों को फंसाता था आरोपी : पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को रेलवे का ठेकेदार बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह रेलवे से जुड़े कार्यों में निवेश कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देता था।

इसी तरह आरोपी ने एक फरियादी को भरोसे में लेकर रेलवे कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का दावा किया और निवेश के नाम पर उससे 36 लाख 30 हजार रुपये हासिल कर लिए। बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने एनकेजे थाने में शिकायत दर्ज कराई।

साइबर इनपुट और तकनीकी निगरानी से आरोपी तक पहुंची पुलिस : मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

इसके बाद पन्ना जिले में घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

वित्तीय अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी : पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में आर्थिक अपराध और निवेश ठगी के मामलों को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। आम लोगों को भी सलाह दी गई है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की पूरी जांच अवश्य करें।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter