जमीन कारोबारी को मारी गोली : घर के बाहर घायल पड़ा मिला, इधर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छात्र को रौंदा

Datia news : दतिया। जमीन का कारोबार करने वाले व्यक्ति को गोली मारने की घटना के बाद आसपास सनसनी फैल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। घायल कारोबारी घर के बाहर बैठा था, तभी यह वारदात हुई। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छात्र को रौंद डाला। हादसे में छात्र की जान चली गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में यह मामले दर्ज कर लिए गए हैं।

भांडेर के वार्ड 15 में गुरुवार देर रात घर के बाहर आग ताप रहे कृष्णकांत पांडे पुत्र बद्री प्रसाद निवासी बजरिया मोहल्ला पर अज्ञात लोगों द्वारा कट्टे से जानलेवा हमला किया गया।

बताया जाता है कि बदमाशों ने इस दौरान चार से पांच फायर किए। जिसके बाद हमलावर भाग गए। इस हमले में ऊपरी होंठ पर छर्रा लगने से कृष्णकांत गंभीर रुप से घायल हो गया।

उसे घायल स्थिति में तत्काल भांडेर अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे दतिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को झांसी रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक कृष्णकांत गुरुवार की रात अपने घर के बाहर बैठकर आग ताप रहे थे। तभी अज्ञात बदमाश अचानक से आए और उन पर फायर कर भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर घर के लोग बाहर दौड़कर आए तो कृष्णकांत के मुंह से खून निकल रहा था। वह बोलने की स्थिति में भी नहीं थे। जिसके कारण घर के लोग उन्हें लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचें जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

Banner Ad

पुलिस घायल और परिवार के लोगों से पूछतांछ कर घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं बताया जाता है कि कृष्णकांत जमीन का कारोबार करते हैं। इस हमले को भी ऐसे ही किसी जमीनी कारोबार संबंधी लेनदेन से जोड़कर देखा जा रहा हैं।

ट्रैक्टर की टक्कर से छात्र की गई जान : खेत से लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद डाला। हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।

घटना की सूचना पर चिरुला पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा चिरुला थाना क्षेत्र के ग्राम गंघारी में घटित हुआ। घटना को लेकर ग्रामीणों ने भी रोष जताया है।

चिरुला थाना प्रभारी नितिन भार्गव ने बताया कि ग्राम गंघारी निवासी अनुराग अपने पिता खुशीराम पाल के साथ शुक्रवार सुबह खेत पर गेंहूं की बोवनी कराने के लिए गया था। काम पूरा होने पर उसका पिता खेत पर ही रुक गए जबकि अनुराग वापिस घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग निकला। रास्ते में घायल पड़े युवक अनुराग को जब गांव के लोगों ने देखा तो स्वजन को खबर दी। जिसके बाद घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter