Datia News : दतिया। गांव मुरगुवा में बकरी चराने गए वृद्ध की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार की बताई जाती है। देर रात तक जब वृद्ध घर नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता हुई। वह सभी उसकी तलाश में जुट गए। लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
रविवार शाम गोंदन थाना क्षेत्र के ग्राम भलका से निकली नहर किनारे लोगों को एक वृद्ध का शव उतराता नजर आया। जिसकी सूचना इंदरगढ़ पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकलवाया और पीएम के भेजा। शव की शिनाख्ती के प्रयास किए गए। नहर से शव मिलने की खबर पर वृद्ध के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने मृतक की शिनाख्त कर ली।
इंदरगढ़ थाना प्रभारी परमानंद शर्मा ने बताया कि गोंदन थाना क्षेत्र के ग्राम मुरगुवां निवासी 72 वर्षीय तुलसी कुशवाहा शनिवार को बकरी चराने गया था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा तो स्वजन ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
रातभर उसकी तलाश की गई। मगर उसका कोई पता नहीं चला। रविवार शाम भलका के लोगों को नहर के पुल के निकट एक शव उतराता नजर आया। इसकी खबर पाकर स्वजन भी मौके पर पहुंच गए।
शव की पहचान तुलसी कुशवाहा के रूप में स्वजन ने की। पुलिस ने स्वजन से शिनाख्त कराने के बाद शव को पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच में लिया है।


