गांव में गुंडागर्दी : पार्टी के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक का फोड़ा सिर, थार और स्कॉर्पियो से भागे बदमाश; 6 नामजद समेत 8 पर केस दर्ज

दतिया। जिले के उनाव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इकारा में पुरानी रंजिश और अवैध रूप से पार्टी के लिए रुपयों की मांग को लेकर एक युवक पर सामूहिक हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रास्ते में घेराबंदी कर आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी थार और स्कॉर्पियो वाहनों में सवार होकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर 6 नामजद तथा 2 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

कपड़े खरीदने जा रहा था युवक: रुपये मांगने से मना करने पर बरसाईं लाठियां : जिला अस्पताल में उपचाराधीन ग्राम जनकपुर निवासी पीड़ित संजय तिवारी ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया:

➝ इकारा गांव में घेराबंदी: संजय के अनुसार, वह 12 नवंबर की रात करीब 7:00 बजे कपड़े खरीदने के लिए अपने गांव से दतिया आ रहा था। इसी दौरान ग्राम इकारा में राजा, राजू, पंजाब, रवि, हिमांशु, दीपेश और उनके दो अन्य अज्ञात साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया।

➝ अवैध वसूली और हमला: आरोपियों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और पार्टी करने के लिए रुपयों की मांग की। जब संजय ने विरोध करते हुए रुपए देने से इनकार किया, तो सभी ने एकजुट होकर लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया।

➝ सिर में आई गंभीर चोट: मारपीट के दौरान संजय जमीन पर गिर पड़ा और सिर में डंडा लगने से गहरा घाव हो गया। मौके पर मौजूद बादाम सिंह और अशोक तिवारी ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसकी जान बचाई।

थार और स्कॉर्पियो से भागे आरोपी, पुलिस ने शुरू की तलाश : घटना के बाद हमलावर अपनी लग्जरी गाड़ियों (थार और स्कॉर्पियो) में बैठकर मौके से भाग निकले:

● 8 के खिलाफ मामला दर्ज: उनाव थाना प्रभारी अंशुल अरोड़ा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 6 नामजद तथा 2 अज्ञात कुल 8 आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

● दबिश जारी: पुलिस घटना के पीछे की पुरानी रंजिश और सभी आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और वाहनों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!