पेड़ के नीचे खड़ी चचेरी बहनों पर गिरी आकाशीय बिजली, हादसे में मवेशी भी मरा, गांव में पसरा मातम

Datia News : दतिया। सोमवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दो नाबालिग किशोरियांे की मौत हो गई। घटना जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम सनोरा की है। जानकारी के अनुसार 10 वर्षीय प्रतीक्षा परिहार पुत्री विनोद परिहार एवं प्रियंका परिहार 17 पुत्री गोविंद परिहार सोमवार को दोपहर के समय खेत पर थी, इसी दौरान वह दोनों गांव के माता के मंदिर पर दर्शन करने के लिए जा रही थी।

अचानक तेज बारिश आ जाने पर दोनों किशोरियां पानी से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से दोनों किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई।

इसकी सूचना जब मृतक किशोरियों के स्वजन को लगी तो वह गांव वालों के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों ने 100 नंबर और 108 पर फोन कर घटना की सूचना दी गई।

जिसके बाद तत्काल दोनों किशोरियों को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। जिगना पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।

जिसमें एसआई हरिमोहन यादव, प्रधान आरक्षक नरेश छाबई, प्रधान आरक्षक बृजेंद्र रावत ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को पीएम के लिए िभजवाया। बताया जाता है कि सनोरा में ही एक अन्य स्थान पर बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक भैंस की भी मौत हुई है।

दोनों किशोरियां थी चचेरी बहन

ग्रामीणों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से जान गंवाने वाली प्रियंका और प्रतीक्षा दोनों अापस में चचेरी बहनें थी। जो अक्सर साथ में ही खेलती-खाती थी।

घटना वाले दिन भी दोनों माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। इस हादसे में दोनों की मौत से पूरे गांव में मातम सा छा गया। ग्रामीण इस दर्दनाक हादसे से शोक में दिखाई दिए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter