डीपी उतारते वक्त लाइनमैन की करंट लगने से मौत, काम के दौरान बिजली लाइन में दौड़ रहा था करंट

दतिया। इंदरगढ़ तहसील के ग्राम उचाड़ में ठेकेदार द्वारा डलवाई जा रही विद्युत लाइन पर काम कर रहे लाइनमैन की 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने पर करंट लगने से मौत हो गई। जिस समय यह हादसा हुआ वहां अन्य लोग मजदूरी कर रहे थे। उन लोगों की मदद से मृतक को इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर मृतक के स्वजनों द्वारा ठेकेदार पर जबरन काम पर ले जाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। घटना गोराघाट थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जुझारपुर निवासी राजू कुशवाह पुत्र भगतराम कुशवाह को गुरूवार सुबह ठेकेदार डीपी उतरवाने के काम के लिए ले गया था। जहां बिना बिजली बंद किए काम करने पर राजू कुशवाह अचानक करंट की चपेट में आ गया और वह पोल से सीधा जमीन पर आ गिरा। जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतक के अन्य साथी मजदूरी कर रहे थे। उन्होंने जब यह देखा तो शोर मचाया जिसे सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य लोग वहां दौड़कर पहुंचे और करंट की चपेट में आए युवक को लेकर इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के काफी देर बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी थी।

घटना के संबंध में मृतक के भाई संतोष ने बताया कि ठेकेदार हरीसिंह कुशवाह दो अन्य लड़कों के साथ मृतक राजू को अपने साथ डीपी उतरवाने के लिए ले गया था। जहां यह हादसा हुआ। घटना के 2 घंटे बाद उसे मोबाइल पर हादसे की सूचना दी गई। संतोष का आरोप था कि ठेकेदार राजू को जबरन अपने साथ ले गया था। उसकी लापरवाही से ही यह हादसा हुआ है। वहीं ठेकेदार के साथ काम करने वाले लोगों का कहना है कि मृतक राजू से उन्होंने काम शुरू करने से पहले लाइन बंद करने का परमिट लेने की बात कही थी, लेकिन राजू लाइन बंद होने की बात कहते हुए डीपी उतारने का काम करने लगा और करंट की चपेट में आ गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter