अब टेरिटोरियल आर्मी के महिला अधिकारियों की भी एलओसी पर होगी तैनाती, रक्षा मंत्री ने दी मंजूरी

नई दिल्ली  : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संगठनात्मक जरूरतों के अनुरूप टेरीटोरियल आर्मी (टीए) की महिला अधिकारियों की नियंत्रण रेखा पर टेरीटोरियल आर्मी की इंजीनियर रेजिमेंटों के साथ और नई दिल्ली में टीए समूह मुख्यालय/ टेरीटोरियल आर्मी महानिदेशालय में स्टाफ ऑफिसर के रूप में तैनाती को मंजूरी दे दी है।

इस प्रगतिशील नीतिगत कदम का उद्देश्य महिला अधिकारियों की नियुक्ति के दायरे को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी पेशेवर आकांक्षाओं को पूरा करना है। वे अब यूनिटों और नियुक्तियों की एक विस्तृत श्रृंखला में अपने पुरुष समकक्षों की तरह ही समान स्थितियों के तहत कार्य करेंगी और प्रशिक्षण हासिल करेंगी।

टेरिटोरियल आर्मी ने 2019 से इकोलॉजिकल टास्क फोर्स यूनिट्स, टीए ऑयल सेक्टर यूनिट्स और टीए रेलवे इंजीनियर रेजिमेंट में महिला अधिकारियों की नियुक्ति शुरू की थी। इस अवधि के दौरान प्राप्त हुए अनुभवों के आधार पर, टीए में महिला अधिकारियों के लिए और अधिक नियुक्ति का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

टेरिटोरियल आर्मी नागरिक सैनिकों की सेना की अवधारणा पर आधारित है और इसके अधिकारी नागरिक जीवन में लाभकारी रूप से कार्यरत रहते हुए बुनियादी सैन्य कौशल से संबंधित वार्षिक प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। 

भारतीय तटरक्षक बल मालदीव के समुद्री क्षेत्र से बचाए गए दस मछुआरों को स्वदेश लाया : भारतीय तट रक्षक बल मालदीव के समुद्री क्षेत्र से बचाए गए दस भारतीय मछुआरों को 06 मई, 2023 को सुरक्षित विशाखापत्तनम लाया।

ये मछुआरे 16 अप्रैल, 2023 को कन्याकुमारी, तमिलनाडु के पास थेंगापट्टनम से समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। हालांकि, उनकी नाव का इंजन फेल हो गया और वे 5 दिनों तक बिना किसी मदद के मालदीव समुद्री क्षेत्र में बहते चले गए।

26 अप्रैल, 2023 को भारतीय तटरक्षक एमआरसीसी यानी समुद्री बचाव समन्वय केंद्र के समन्वय में मालदीव खोज और बचाव क्षेत्र से एमवी फ्यूरियस द्वारा इन मछुआरों को बचाया गया। तटरक्षक समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) को प्राप्त सूचना के आधार पर, आईसीजीएस विग्रह को इन बचाए गए मछुआरों को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कैंपबेल खाड़ी से आने वाले व्यापारी जहाज पर चढ़ाने के लिए भेजा गया था।

इन दस मछुआरों में से आठ केरल के विझिंजम के हैं जबकि दो तमिलनाडु में कन्याकुमारी के हैं। बचाए गए सभी इन सभी दस मछुआरों की प्रारंभिक चिकित्सा जांच तटरक्षक जहाज पर की गई और सभी पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में पाए गए।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter