घूसखोर रोजगार सहायक को लोकायुक्त टीम ने पकड़ा : सर्किट हाउस के पास ग्रामीण से ले रहा था रुपये

Datia news : दतिया। रोजगार सहायक मनमानी भुगतान के लिए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। ग्राम पंचायतों में खेत तालाब के लिए मजदूरी का भुगतान पंचायत स्तर से होता है। ऐसे ही काम के लिए रोजगार सहायक ग्रामीण से रुपयों की मांग कर रहा था। इसे लेकर ग्रामीण ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत लोकायुक्त टीम से कर दी।

जिसके बाद यह कार्रवाई हो सकी। सर्किट हाउस के पास रिश्वत के रुपये लेने के लिए जैसे ही रोजगार सहायक पहुंचा वहां पहले से ही सिविल ड्रेस में घूम रहे लोकायुक्त टीम के सदस्यों ने उसे रुपये लेते हुए धर लिया।

ग्राम रोजगार सहायक मस्टर भुगतान के बदले 30 हजार की रिश्वत मांग रहा था। जिसकी शिकायत संबंधित व्यक्ति ने लोकायुक्त ग्वालियर में की थी। रोजगार सहायक के पास से टीम ने 15 हजार रुपये बरामद कर उस पर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत निचरोली के रोजगार सहायक मुकेश सिंह यादव ने खेत तालाब निर्माण कार्य के मस्टर भुगतान के बदले निचरोली निवासी सोबरन सिंह से रिश्वत की मांग की थी।

लोकायुक्त एसपी राजेश मिश्रा के अनुसार ग्राम निचरोली निवासी सोबरन सिंह ने इस संबंध में रोजगार सहायक के विरुद्ध शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन करवाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ग्राम रोजगार सहायक को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।

मंगलवार शाम दतिया में झांसी रोड स्थित सर्किट हाउस के पास सोबरन सिंह ने रोजगार सहायक मुकेश सिंह को रिश्वत के रूप में 15 हजार रुपये की पहली किश्तदी।

मुकेश द्वारा रिश्वत के रुपये लेते ही लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। जिसके बाद रोजगार सहायक पर मामला दर्ज जांच शुरु कर दी गई।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter