देवउठनी ग्यारस पर चार माह की निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, होगी विशेष पूजा अर्चना

घरों में गन्नाें का मंडप सजाकर की जाएगी विशेष पूजा अर्चना

दतिया ।  बुधवार को देवउठनी ग्यारस से एक बार फिर शादी ब्याह की शहनाई गूंजने लगेंगी। इसीके साथ 4 माह से बंद शादी ब्याह में फिर से ढोल नगाड़े और बैंड बजने का समय आ गया है। गत सोमवार को शहर में आंवला नवमी को अक्षय नवमी पर्व मनाया गया। खासकर बुंदेलखंड क्षेत्र में इस नवमी का विशेष महत्व है। स्थानीय बेटी क्लब दतिया के सभी महिला पदाधिकारियों ने आंवला नवमी की पूजा श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ की। यह पूजा महिलाएं संतान की मंगलकामना के लिए करती हैं। मंगलवार से ही बाजार में गन्ना बेचने वालों ने डेरा जमा लिया। इस दिन भी गन्नों की खूब बिक्री हुई।

चार माह की निद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु

कार्तिक की अमावस्या को दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन सनातन धर्म के लोगों ने किया था। अब आज देवउठनी ग्यारस पर भगवान विष्णु की पूजा की जाएगी। इस पर्व को भी दीपावली की तरह ही मनाया जाता है। पं.उमेश शर्मा के अनुसार देवशयनी ग्यारस से लेकर देवउठनी ग्यारस तक बीते 4 माह में कोई भी शुभ कार्य एवं ब्याह शादी नहीं किए जाते हैं। देवउठनी ग्यारस से शुभ मुहूर्त शुरु हो जाते हैं। बुधवार को सुबह से लेकर शाम तक सभी अच्छे मुहूर्त हैं और लोग सपरिवार विष्णु भगवान की पूजा कर उन्हें जगाते हैं। संध्या कालीन समय घरों पर दीपक लगाकर मंगल गान किए जाते हैं। इसके बाद शादी ब्याह और अन्य शुभ कार्यों के लिए बेहतर मुहूर्त शुरू हो जाते हैं। इस दिन गन्ने का मंडप सजाकर तुलसी विवाह शालिग्राम के साथ किया जाता है। विधि विधान से पूजन कर देव जगाने की परंपरा है। इस दिन लोग उठे देव, जागो देव का घोष कर भगवान को निद्रा से जगाते हैं।

बाजार में शादी ब्याह की खरीदारी रही भीड

आज देवउठनी ग्यारस पर विवाह और शुभ मुहूर्त व मांगलिक कार्यों के अबूझ मुहूर्त है। इसके चलते ब्याह शादी की तैयारी के लिए शहर के बाजारों में काफी भीड़ बढ़ गई है। सर्राफा बाजार में चांदी-सोने के आभूषणों के साथ ही बर्तनों और कपड़ों की खरीददारी भी खूब जमकर की गई। इन दुकानों पर जगह-जगह ग्राहकों की खासी भीड़ रही। इसके अलावा मांगलिक कार्यों में उपयोग आने वाली वस्तुओं की बिक्री भी तेज रही। इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं और फर्नीचर की दुकानों पर औसत खरीददारी हुई, किंतु सोने चांदी की दुकानों पर लोगों का जमावड़ा देखा गया। इस खरीदारी की भीड़ में कोरोना गाइड लाइन का कहीं भी पालन होता हुआ नहीं दिखाई दिया। प्रशासन ने भी कहीं कोई कार्रवाई नहीं की। अधिकांश दुकानों पर शारीरिक दूरी का पालन तो बिल्कुल भी नहीं हुआ।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter