ICC Test Ranking: विराट को चार स्थान का नुकसान, बुमराह को छह पायदान का फायदा, जडेजा दूसरे नंबर पर पहुंचे

दुबई : श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान स्वदेश में पहली बार पारी में पांच विकेट चटकाने वाले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह छह स्थान के फायदे से बुधवार को जारी आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए लेकिन बड़ी पारी खेलने के लिए जूझ रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बल्लेबाजी रैंकिंग में नौवें स्थान पर खिसक गए।

बेंगलुरू में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे दिन-रात्रि टेस्ट में बुमराह ने कुल आठ विकेट चटकाए थे। अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे पूर्व कप्तान कोहली चार स्थान के नुकसान से नौवें स्थान पर हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 10वें स्थान पर हैं।

मोहाली में पहले टेस्ट में कोहली ने 45 रन की पारी खेली थी लेकिन दूसरे टेस्ट में वह 23 और 13 रन ही बना पाए। नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ 136 रन की पारी खेलने के बाद से वह शतक नहीं जड़ पाए हैं।

बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा छठे स्थान पर बरकरार हैं। वह रैंकिंग में शीर्ष भारतीय हैं। बेंगलुरू में 92 और 67 रन की पारी खेलने वाले श्रेयस अय्यर 40 स्थान की लंबी छलांग के साथ 37वें पायदान पर पहुंच गए हैं।

बेंगलुरू में दूसरी पारी में भारत के खिलाफ 107 की जुझारू पारी खेलने वाले श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करूणारत्ने करियर के सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर एक बार फिर भारत के रविंद्र जडेजा को पछाड़कर दुनिया के नंबर एक टेस्ट आलराउंडर बन गए हैं।

मोहाली में पहले टेस्ट में नाबाद 175 रन बनाने के अलावा नौ विकेट चटकाकर जडेजा पिछले हफ्ते नंबर एक टेस्ट आलराउंडर बने थे। आलराउंडरों की सूची में रविचंद्रन अश्विन, शाकिब अल हसन और बेन स्टोक्स शीर्ष पांच में शामिल हैं।

गेंदबाजों की रैंकिंग में मोहम्मद शमी एक स्थान के फायदे से 17वें पायदान पर हैं। जडेजा एक स्थान नीचे 18वें पायदान पर खिसक गए हैं। टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष तीन गेंदबाज पैट कमिंस, अश्विन और कागिसो रबादा अपनी पिछली रैंकिंग पर बरकरार हैं।

WRitten & Source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!