दतिया । नेत्रों की कम रोशनी ही सड़क हादसों का अक्सर कारण बनती है। देश में प्रतिवर्ष औसतन लगभग 5 लाख से अधिक सड़क हादसे ऐसे होते हैं जिनमें वाहन चालकों की नेत्र की कम रोशनी प्रमुख कारण होती है। इसलिए आवश्यक है कि हमें नियमित अपनी आंखों का परीक्षण करवाना चाहिए। यह बात एएसपी कमल सिंह मौर्य ने मंगलवार को किला चौक पर यातायात पुलिस द्वारा आयोजित नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने यातायात नियमों के विषय में जानकारी देते हुए कहाकि जिस तरह से हम अपने मोबाइल की सुरक्षा के लिए उस पर कवर लगाकर रखते हैं, उसी प्रकार वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का उपयोग करें। उन्होंने कोविड-19 के नियमों का पालन करने, दो गज दूरी मास्क है जरुरी तथा समय-समय पर हाथों की सफाई करने की समझाइश दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला तथा वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ.केसी राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डॉ राजू त्यागी तथा आभार यातायात प्रभारी होतम सिंह बघेल द्वारा किया गया।
आरआई रविकांत शुक्ला ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहाकि जो ऑटो, कार एवं बस के चालक होते हैं, उनके कंधों पर कई लोगों की जिंदगियों की जिम्मेदारी होती है। इसीलिए यह आवश्यक है कि वह अपनी आंखों को स्वस्थ रखें और नियमित परीक्षण करवाएं। कार्यक्रम में नेत्र विशेषज्ञ डॉ.राठौर ने कहा कि हमें समय-समय पर आंखों का परीक्षण करवाना चाहिए। जिससे आंखों में पनपने वाली बीमारियों का समय पर पता चल सके और उसका उचित इलाज हो सके। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.राठौर द्वारा 142 लोगों के नेत्रों का परीक्षण किया गया। जिसमें से 8 लोगों में मोतियाबिंद पाया गया जबकि 12 लोगों के नेत्रों की कम रोशनी होने के कारण उन्हें चश्मा लगाने की सलाह दी गई।
इसके बाद सभी अतिथिगण समाजसेवी डॉ.राजू त्यागी द्वारा विकसित किए गए पार्क का अवलोकन करने पहुंचे। जहां उन्होंने पार्क में लगे विभिन्न प्रकार के पेड़ पौधों के विषय में जानकारी ली एवं डॉ. त्यागी द्वारा किए गए कार्य की सराहना की । इस दौरान सूबेदार नईम खान, ध्रुव श्रीवास्तव, राजेन्द्र यादव, राजीव लाड़, रीना राठौर सहित कई लोग मौजूद रहे।

