मां पीतांबरा ने दूर की परेशानी इसलिए दरबार में आया हूं : कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने पीठ पर की तीस मिनिट पूजा अर्चना

Datia news : दतिया। मां पीताबंरा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने शनिवार को मां बगुलामुखी की विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मां धूमावती के दरबार में पहुंचकर माथा टेका। कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शनिवार को चार्टर्ड प्लेन से दतिया पहुंचे।

हवाई पट्टी पर कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेता स्वामीशरण कुशवाह ने उनका तुलादान भी किया। उपमुख्यमंत्री शिवकुमार वहां से सीधे पीताम्बरा पीठ पहुंचे।

जहां उन्होंने मां पीताम्बरा के दर्शन विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाभारत कालीन वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक भी किया। शनिवार के कारण मंदिर पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है।

इसे देखते हुए मंदिर पर पुलिस की ओर से सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने पीतांबरा पीठ स्थित अन्य मंदिरों के दर्शन कर मां धूमावती के दरबार में भी पहुंचकर माथा टेका।

मां ने दूर की सभी परेशानी : मंदिर प्रांगण के बाहर मौजूद मीडिया से रुबरु होते हुए कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहाकि वह पहले भी मां पीतांबरा के दरबार में आ चुके हैं।

अपनी तमाम परेशानियों से निजात मिलने के बाद वह एक बार फिर से मां के दरबार में हाजिरी लगाने दतिया आएं हैं। उन्होंने कहाकि मप्र के चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।

मप्र के चुनाव में उनकी भूमिका के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहाकि आलाकमान जो भी दायित्व सौपेंगा वह उसका निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहाकि कांग्रेस पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है। इसका फायदा भी चुनाव में मिलेगा।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार के दतिया दौरे के समय पीतांबरा पीठ पर कांग्रेस नेताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। उपमुख्यमंत्री प्रवास के दौरान जिला प्रभारी शिव भाटिया, अशोक सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामकिंकर गुर्जर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अशोक दांगी, महेश गुलवानी, अभिषेक तिवारी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter