झींगा मछली पकड़ने के लिए अब मिलेगी 50 रूपये प्रति किलो मजदूरी,मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ बोर्ड की बैठक में हुआ निर्णय !

भोपाल : जल-संसाधन, मछुआ कल्याण और मत्स्य विकास मंत्री  तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश में मछली पालन के साथ झींगा पालन को भी बढ़ावा देने का प्रयास करें। झींगा पालन से रोजगार के साथ लोगों की आय में भी वृद्धि होगी।  झींगा पकड़ने के लिए 35 रुपए प्रति किलो मिलने वाली मजदूरी को बढ़ाकर अब 50 रूपये किया जाएगा। इससे झींगा व्यवसाय से जुड़े मजदूरों को लाभ पहुँचेगा। 

मंत्री सिलावट मंत्रालय में मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ बोर्ड की बैठक को संबोधित कर रहे थे।  उन्होंने झींगा पालन को बढ़ावा देने के साथ झींगा पालन की योजना में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और योजना का लाभ देने के निर्देश दिए।

मंत्री सिलावट ने कहा कि मछुआ समाज के लिये चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिये सभी अधिकारी मछुआ समितियों के सदस्यों से संवाद करें और निष्क्रिय समितियों की मान्यता समाप्त की जाए। उन्होंने कहा कि निष्क्रिय समितियों को भंग कर पुनः नई समिति का गठन करें, जिससे मत्स्य उत्पादन से जुड़े लोगों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। 

प्रमुख सचिव कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि समितियों के बेहतर संचालन के लिए संचालक मंडल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनको निष्क्रिय समितियों की जाँच कर भंग करने और नई समिति के गठन के लिए निर्देशित किया गया है। जल्द ही पूरे प्रदेश में निष्क्रिय समितियों की जगह नयी समितियों का गठन कर लिया जाएगा। प्रदेश मत्स्य महासंघ के प्रबंध संचालक पुरुषोत्तम धीमान, संचालक मत्स्योद्योग  भरत सिंह सहित संचालक मंडल के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!