भोपाल | मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले छह दिनों के दौरान विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। इस दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें कई अंतर्राज्यीय और संगठित चोरी गिरोहों के सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और अंतरजिला समन्वय के जरिए कई चर्चित चोरी के मामलों का सफल खुलासा किया गया।
गुना में चैन स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़ : गुना पुलिस ने चैन चोरी के आठ मामलों का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय गिरोहों के 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 21.20 लाख रुपये मूल्य की 11 सोने की चेन बरामद की गई। पुलिस ने इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय का सहारा लिया।
भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में सक्रिय गैंग पकड़ा : भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया। मामले की जांच के दौरान 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया।
शिवपुरी, बड़वानी, सीहोर और खरगोन में भी कार्रवाई : शिवपुरी जिले की देहात थाना पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर शटर और ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 11.60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति और एक कार बरामद की।
वहीं बड़वानी के सेंधवा ग्रामीण थाना पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद की।
सीहोर कोतवाली पुलिस ने दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी पुजारी को गिरफ्तार किया और करीब 8 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया। वहीं खरगोन पुलिस ने तीन सूने मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषणों सहित 2.40 लाख रुपये का माल और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए।
अपराधियों पर लगातार सख्ती : मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी, मुखबिर तंत्र और विभिन्न जिलों व राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

