भोपाल | मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले तीन दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 82 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन व अन्य संपत्ति जब्त की है। पुलिस की यह कार्रवाई राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के साथ-साथ अवैध नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने की दिशा में की गई है।
नीमच में 44 लाख से ज्यादा की कार्रवाई : नीमच जिले में जीरन थाना पुलिस ने एक ट्रक से 175 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री और संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 26.25 लाख रुपये बताई गई है। वहीं रतनगढ़ थाना पुलिस ने मारुति एसएक्स-4 कार से 120 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा। दोनों मामलों में कुल 44.25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
मंदसौर में अंतर्राज्यीय तस्करों पर कार्रवाई : मंदसौर के सुवासरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 80 ग्राम एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा के साथ गुजरात के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। दूसरी कार्रवाई में नारायणगढ़ पुलिस ने हरियाणा के दो अंतर्राज्यीय अफीम तस्करों को पकड़ा। उनके पास से 1.100 किलोग्राम अफीम, स्कॉर्पियो वाहन और दो मोबाइल बरामद हुए। दोनों मामलों में करीब 23.54 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
अशोकनगर से 63 किलो गांजा बरामद : अशोकनगर जिले के नईसराय थाना पुलिस ने ग्राम अजलेश्वर में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 63 किलोग्राम हरा गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 6.30 लाख रुपये बताई गई है।
अन्य जिलों में भी तस्करों पर शिकंजा : खरगोन में 5.1 किलोग्राम गांजा और मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपी पकड़े गए। शिवपुरी में स्मैक, इंदौर में एमडी ड्रग्स, नरसिंहपुर में स्मैक, गुना में 10 किलोग्राम गांजा और जबलपुर जीआरपी ने 3 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कटनी और भोपाल में भी पुलिस ने गांजा व ब्राउन शुगर के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

