मध्यप्रदेश पुलिस का वाहन चोरों पर बड़ा प्रहार : प्रदेशभर से 53 दोपहिया वाहन बरामद, देखें हर जिले की कार्रवाई का पूरा अपडेट !

भोपाल | प्रदेश में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने समन्वित और रणनीतिक अभियान चलाया। विभिन्न जिलों में तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और त्वरित फील्ड रिस्पॉन्स के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 53 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। कई मामलों में अंतरजिला स्तर पर सक्रिय गिरोहों का भी खुलासा हुआ है।


खरगोन : अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 19 बाइक जब्त – खरगोन पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। कुल 13 मोटरसाइकिलें (करीब 6.5 लाख रुपए) जब्त की गईं। एक अन्य कार्रवाई में 6 और बाइक बरामद हुईं। इस प्रकार जिले में कुल 19 वाहन जब्त किए गए।


पन्ना : चार जिलों से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद – पन्ना के शाहनगर थाना क्षेत्र में सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी और खरीदार सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पन्ना, कटनी, छतरपुर और अनूपपुर से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलें (करीब 6 लाख रुपए) बरामद की गईं। अमानगंज में अलग कार्रवाई में 1 बाइक जब्त की गई। कुल 12 वाहन बरामद हुए।


छतरपुर : दो आरोपी गिरफ्तार, 6 बाइक बरामद – छतरपुर कोतवाली पुलिस ने 6 मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया और सभी वाहन बरामद किए।


ग्वालियर : डबरा सिटी पुलिस की कार्रवाई, 5 बाइक जब्त – ग्वालियर जिले में डबरा सिटी थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को पकड़कर 3 बाइक बरामद कीं। पूर्व कार्रवाई में 2 और वाहन जब्त किए जा चुके थे। कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।


इंदौर : 24 घंटे में गिरफ्तारी, 6 वाहन जब्त – इंदौर के जोन-3 हीरानगर थाना पुलिस ने एक आरोपी से 5 वाहन (करीब 5 लाख रुपए) जब्त किए। वहीं जोन-1 एरोड्रम थाना पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर एक जुपिटर स्कूटर जब्त किया। कुल 6 वाहन बरामद हुए।


अन्य जिलों में भी कार्रवाई – श्योपुर में 1 मोटरसाइकिल, कटनी में 2 मोटरसाइकिलें, दतिया में चोरी का वाहन खरीदने वाले आरोपी से 1 बाइक तथा विदिशा में 1.05 लाख रुपए कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की गई।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter