नशे के सौदागरों पर मध्यप्रदेश पुलिस का चौतरफा प्रहार : तीन दिनों के विशेष अभियान में ₹1.27 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ व वाहन जब्त

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देशों एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रदेशव्यापी अभियान तेज कर दिया है। विगत तीन दिनों के भीतर राज्य के विभिन्न जिलों में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों में पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा, एमडी ड्रग्स, स्मैक/ब्राउन शुगर और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों सहित लगभग 1 करोड़ 27 लाख 9 हजार रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त कर कई आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है।

प्रमुख जिलों में हुई कार्रवाई का ब्यौरा

  • जबलपुर (₹68.92 लाख की जब्ती): थाना भेड़ाघाट पुलिस ने चौकीताल नहर के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन की डिक्की से 12 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 136 किलो 84 ग्राम गांजा (कीमत ₹68.42 लाख) व वाहन जब्त कर चालक पर एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया। वहीं, थाना घमापुर पुलिस ने चांदमारी तलैया क्षेत्र में एक महिला को गिरफ्तार कर घर की अलमारी से ₹50 हजार कीमत का 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद किया।

  • हरदा (₹20 लाख की एमडी ड्रग्स): थाना सिराली पुलिस ने ग्राम रहटाकलां बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर राजस्थान के दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत ₹20 लाख) जब्त की गई है।

  • इंदौर (₹11.20 लाख की संपत्ति जब्त): कनाड़िया पुलिस ने मंदसौर निवासी आरोपी से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स व कार (कीमत ₹4 लाख) जब्त की। हीरानगर पुलिस ने 12.90 ग्राम ब्राउन शुगर (₹1.20 लाख) के साथ एक आरोपी को पकड़ा। इसके अतिरिक्त जूनी इंदौर, राजेंद्र नगर, हीरानगर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से 51.52 ग्राम ब्राउन शुगर व दो सप्लायरों को दबोचकर ₹6 लाख की संपत्ति जब्त की।

  • छतरपुर (₹10.25 लाख का गांजा): थाना अलीपुरा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान आरटीओ बैरियर के पास दो तस्करों को गिरफ्तार कर दो ट्रॉली बैग में भरा 20 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।

  • भोपाल (₹5.35 लाख की एमडी ड्रग्स व वाहन): क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर जोन-2 से एक महिला आरोपी से 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स (₹1.50 लाख), वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे कानपुर निवासी महिला सप्लायर से 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स (₹1.35 लाख) तथा एक अन्य कार्रवाई में दो आरोपियों से 2.46 ग्राम एमडी ड्रग्स, दोपहिया वाहन व मोबाइल (कीमत ₹2.50 लाख) जब्त किए।

  • सतना, गुना, मऊगंज व पन्ना में कार्रवाई: ‘ऑपरेशन प्रहार-2.0’ के तहत सतना की रामपुर बाघेलान पुलिस ने 5 आरोपियों से ₹4.50 लाख की 117.70 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर जब्त की। गुना के राघौगढ़ में 3 आरोपियों से 17.40 ग्राम स्मैक व बाइक (कीमत ₹2.47 लाख) बरामद हुई। मऊगंज की हनुमना पुलिस ने डायल-112 की सूचना पर सड़क किनारे बोरी से ₹2.40 लाख कीमत का 24 किलो 620 ग्राम गांजा जब्त किया, जबकि पन्ना की अजयगढ़ पुलिस ने घर के आंगन में गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ कर ₹2 लाख कीमत का 27 किलो 350 ग्राम गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस की आमजन से अपील

मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!