मध्यप्रदेश पुलिस का नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार: विदिशा और धार में ₹1.19 करोड़ का गांजा व हरे पौधे जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत राज्य पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खेती के विरुद्ध अपना शिकंजा और कस दिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियानों के अंतर्गत विदिशा और धार जिलों में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 467.328 किलोग्राम गांजा एवं गांजे के हरे पौधे बरामद किए गए हैं। जब्त किए गए मादक पदार्थों का अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य ₹1 करोड़ 19 लाख 13 हजार आंका गया है। दोनों मामलों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

विदिशा: ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ में ₹52 लाख का सूखा गांजा पकड़ाया : विदिशा पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की गई:

  • मुखबिर की सटीक सूचना: थाना करारिया चौराहा पुलिस को ग्राम ब्योची में अवैध गांजे के बड़े भंडारण की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी।

  • दबिश और जब्ती: पुलिस दल ने त्वरित घेराबंदी कर मौके से 104.14 किलोग्राम सूखा गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹52 लाख है।

  • आरोपी गिरफ्त में: पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।

धार: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कपास के खेत में गांजे की खेती का भंडाफोड़ : धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में टाण्डा थाना पुलिस ने अवैध खेती के एक सुनियोजित नेटवर्क का खुलासा किया:

  • कपास के बीच छिपाकर रोपे पौधे: ग्राम पुरा में एक किसान ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कपास की घनी फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे थे।

  • 383 हरे पौधे उखाड़े: पुलिस टीम ने खेत में दबिश देकर 383 हरे पौधे जब्त किए। इन पौधों का कुल वजन 363.188 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत ₹67 लाख 13 हजार आंकी गई है।

  • सप्लाई चेन की पड़ताल: खेत संचालक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह बीज कहां से लाया था और तैयार माल की आपूर्ति किन-किन शहरों में की जानी थी।

सूचना तंत्र को मजबूत करने की अपील

मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में नशे के अवैध कारोबार, भंडारण, परिवहन और अवैध खेती के विरुद्ध सघन निगरानी जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी मादक पदार्थों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो तुरंत नजदीकी थाने अथवा हेल्पलाइन नंबर पर गोपनीय सूचना साझा करें।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!