भोपाल | प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते तीन दिनों के भीतर राज्य के विभिन्न जिलों में डकैती, नकबजनी और लूट से जुड़े कई मामलों का सफल खुलासा किया गया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने 79 लाख रुपये से अधिक की चोरी और लूट की गई संपत्ति बरामद कर अपराधियों को कानून के दायरे में लाया है।
विदिशा: ज्वैलरी डकैती में अहम गिरफ्तारी : विदिशा जिले में अरिहंत ज्वैलर्स में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपी को गुना जिले के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब सवा 5 किलो चांदी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों और दो विधि-विरुद्ध बालकों को पकड़कर लगभग 13 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
अलीराजपुर: नकबजनी का खुलासा : जोबट क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो सोने के हार, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, तथा वारदात में प्रयुक्त कटर बरामद किया गया है।
मुरैना: अम्बाह डकैती में 5 इनामी आरोपी दबोचे गए : अम्बाह क्षेत्र में हुई डकैती की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के इनामी 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी जांच के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 16 लाख 77 हजार रुपये की नगदी, आभूषण, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त किया।
सतना: चित्रकूट में चोरी का बड़ा खुलासा : चित्रकूट पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 लाख 26 हजार रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये के सोने के गहने बरामद किए। कुल जब्ती लगभग 14 लाख 26 हजार रुपये की रही।
दतिया: 12 घंटे में चोरी का पर्दाफाश : दतिया जिले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर चोरी की वारदात सुलझाते हुए घर में काम करने वाली महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए।
उज्जैन: लूट गिरोह का भंडाफोड़ : नागदा के बिरलाग्राम क्षेत्र में सक्रिय लूट गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 6 लाख रुपये से अधिक के आभूषण, मोबाइल फोन, हथियार और मोटरसाइकिल जब्त की।


