दुबई/भोपाल। मध्य प्रदेश को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक साझेदारियों का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दुबई में अपने चार दिवसीय वैश्विक निवेश दौरे की प्रभावशाली शुरुआत की। मुख्यमंत्री 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एआईएम कांग्रेस 2026’ (AIM Congress) में राज्य के औद्योगिक सामर्थ्य और विकास के विजन को प्रस्तुत करेंगे।
दुबई में महकी एमपी की विरासत: ODOP व GI उत्पादों की प्रदर्शनी : दौरे के पहले दिन सीएम डॉ. यादव ने ताज दुबई (बिजनेस बे) में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) और जीआई (GI) उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और निवेशकों के समक्ष राज्य के 6 विशिष्ट उत्पादों को शोकेस किया गया:
-
वस्त्र व परिधान: अशोकनगर की विश्वप्रसिद्ध चंदेरी साड़ी, खरगोन की महेश्वरी साड़ी और भोपाल की पारंपरिक जरी-जरदोजी।
-
हस्तशिल्प व कला: उज्जैन का प्रसिद्ध बाटिक प्रिंट, बैतूल का बेल मेटल क्राफ्ट और ग्वालियर का नक्काशीदार कारपेट।
अरब संसद अध्यक्ष से उच्चस्तरीय संवाद, 20 से अधिक देशों को न्योता : मुख्यमंत्री ने अरब संसद के अध्यक्ष महामहिम मोहम्मद अहमद अल यामाही के सम्मान में आयोजित विशेष दोपहर भोज में भाग लिया। इस दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइसेज, खाद्य प्रसंस्करण, कोल्ड चेन लॉजिस्टिक्स और टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।
मुख्यमंत्री ने महामहिम यामाही के जरिए सऊदी अरब, यूएई, कतर, ओमान, कुवैत, बहरीन, मिस्र सहित पश्चिम एशिया और अफ्रीका के 20 से अधिक देशों के संसदीय प्रमुखों को ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027’ में सहभागिता के लिए आधिकारिक आमंत्रण पत्र प्रेषित किए।
राजनयिक बैठक और ‘टाइकून्स रात्रि भोज’ में ग्लोबल नेटवर्क : इससे पूर्व, सीएम ने यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी के साथ रणनीतिक बैठक कर यूएई के सॉवरेन वेल्थ फंड्स और प्रमुख कॉरपोरेट्स को राज्य से जोड़ने की रूपरेखा बनाई। इसके अलावा होटल फॉर्च्यून एट्रियम में जितेंद्र वैद्य के नेतृत्व में 50 से अधिक अनिवासी भारतीयों (NRI) ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
दौरे के प्रथम दिन का समापन एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी द्वारा आयोजित हाई-प्रोफाइल ‘टाइकून्स रात्रि भोज’ (Tycoons Dinner) से हुआ। इस मंच पर दुबई चैंबर्स के चेयरमैन, खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) के सेक्रेटरी जनरल, विश्व बैंक समूह के उपाध्यक्ष, विभिन्न देशों के केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों और वैश्विक वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों के साथ सीएम ने संवाद किया और मध्यप्रदेश में सिंगल विंडो सिस्टम व उद्योग-अनुकूल नीतियों के जरिए दीर्घकालिक साझेदारी का आह्वान किया।

