एशियाई खेलों में मध्यप्रदेश का दमखम : 32 खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व,10 खेल विधाओं में दिखेगा प्रदेश की प्रतिभाओं का जलवा

मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का बड़ा मौका है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक होने वाले 20वें एशियाई खेलों में मध्यप्रदेश के 32 खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा बनेंगे।

प्रदेश के खिलाड़ी एथलेटिक्स, क्रिकेट, कैनो स्लालम, कैनो स्प्रिंट, हॉकी, जूडो, रोइंग, सेलिंग, शूटिंग और सॉफ्ट टेनिस सहित 10 खेल विधाओं में भारत की चुनौती पेश करेंगे।

खेल अकादमी के 25 खिलाड़ी भारतीय दल में : चयनित 32 खिलाड़ियों में 25 खिलाड़ी मध्यप्रदेश की खेल अकादमी एवं पूर्व अकादमी से हैं, जबकि 7 खिलाड़ी गैर-अकादमी श्रेणी से चयनित हुए हैं। यह प्रदेश में खिलाड़ियों को मिल रहे प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

एथलेटिक्स में कुलदीप और देव कुमार पर नजर : पोल वॉल्ट में मध्यप्रदेश के कुलदीप कुमार और देव कुमार मीणा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एक ही स्पर्धा में प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन मध्यप्रदेश के लिए खास उपलब्धि है।

महिला क्रिकेट में क्रांति देवी गोड : महिला क्रिकेट में मध्यप्रदेश की क्रांति देवी गोड भारतीय टीम के साथ एशियाई खेलों में उतरेंगी। क्रिकेट की टी-20 स्पर्धा में भारतीय टीम से पदक की उम्मीद रहेगी।

कैनो और जल खेलों में भी मजबूत मौजूदगी : कैनो स्लालम में शिखा चौहान, पल्लवी जगताप, हितेश केवट, रीना सेन और प्रधुम्न सिंह चयनित हुए हैं। वहीं कैनो स्प्रिंट में पुरोहित बारोयी कयाक युगल 500 मीटर स्पर्धा में भारत की चुनौती का हिस्सा होंगे।

हॉकी में पुरुष और महिला दोनों टीमों में खिलाड़ी : मध्यप्रदेश की मौजूदगी भारतीय हॉकी टीम में भी दिखाई देगी। पुरुष टीम में विवेक सागर प्रसाद और नीलकांता शर्मा, जबकि महिला टीम में ईशिका चौधरी, बिच्छू देवी और सुशीला चानू भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

जूडो और रोइंग में भी प्रदेश की दावेदारी : जूडो में यामिनी मौर्य महिला 57 किलोग्राम भारवर्ग में उतरेंगी। रोइंग में पूनम, गुरवानी कौर और अंशिका भारती भारतीय दल का हिस्सा हैं।

सेलिंग में 7 खिलाड़ी दिखाएंगे हुनर : सेलिंग में मध्यप्रदेश के हर्षिता तोमर, शीतल वर्मा, माही वर्मा, श्रद्धा वर्मा, मनु फ्रांसिस, प्रिन्स और रविन्द्र कुमार शर्मा का चयन हुआ है। अलग-अलग स्पर्धाओं में ये खिलाड़ी भारत के लिए पदक की दावेदारी पेश करेंगे।

शूटिंग में 4 निशानेबाज : निशानेबाजी में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरू डांडा, आशी चौकसे और मनीषा कीर भारतीय दल में शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से भी पदक की उम्मीदें रहेंगी।

सॉफ्ट टेनिस में 3 खिलाड़ी : सॉफ्ट टेनिस में योगेश चौधरी, जय मीणा और आध्या तिवारी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। पुरुष और महिला वर्ग के साथ एकल, टीम और मिश्रित युगल स्पर्धाओं में प्रदेश की मौजूदगी रहेगी।

43 खेलों में होगा एशिया का महामुकाबला : आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में 43 खेलों की 71 स्पर्धा श्रेणियों में 469 मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताओं के लिए जापान में 53 खेल स्थलों पर तैयारियां की गई हैं।

मध्यप्रदेश के 32 खिलाड़ियों का भारतीय दल में चयन प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब खिलाड़ियों की नजर एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए पदक जीतने पर होगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter