‘महाकाल लोक’ के नाम से जाना जाएगा उज्जैन का महाकाल परिसर : इसके साथ ही बनेगा महाकाल पुलिस बैंड

Ujjain News : उज्जैन । महाकाल परिसर ‘महाकाल लोक’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में मंत्रि-परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया। उन्होंने कहाकि महाकाल परिसर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक कार्य सम्पन्न हुए हैं। हमारे लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे। महाकाल परिसर के सम्पूर्ण क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया गया है।

रूद्र सागर पुनर्जीवित हो गया है। मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्रियों को महाकाल परिसर परियोजना के कार्यों से अवगत करवाते हुए कहाकि पिछले सिंहस्थ के बाद यह विचार आया कि महाकाल परिसर का विस्तृत विकास किया जाए। इसके लिये वर्ष 2017 में सभी वर्गों के साथ मिलकर परिसर विस्तार की योजना बनाई गई। परिसर विस्तार के प्रथम चरण में 351 करोड़ रुपये के कार्य हो चुके हैं। दूसरे चरण के लिये 310 करोड़ 22 लाख के कार्य किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महाराज की सवारी पुलिस बैंड के साथ निकलती है। हम महाकाल पुलिस बैंड प्रारंभ करेंगे, जिनका उपयोग विभिन्न त्यौहार और पर्व पर किया जाएगा। इसके लिए 36 नये पद सृजन किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सबके लिए यह ऐतिहासिक पल है। वर्ष 2017 में जब हमारी सरकार थी, उस समय यह विचार आया था कि महाकाल परिसर का विस्तार किया जाए। इस संबंध में नागरिकों, मंदिर समितियों और स्टेक होल्डर से चर्चा कर परिसर के विस्तार की योजना बनाई गई। इसके आधार पर हमने डीपीआर का काम एक साल में पूरा किया।

प्रथम चरण के कार्य के लिए मंत्रि-परिषद में भी चर्चा हुई थी। प्रथम चरण के लिए वर्ष 2018 में टेंडर बुलाए थे। बाद में सरकार बदलने के कारण काम सुप्तावस्था में चला गया लेकिन हमने वर्ष 2020 में उज्जैन का दौरा कर विस्तार से कार्य की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहाकि महाकाल परिसर विस्तार के लिये हमने दो चरण तय किये। प्रथम चरण 351 करोड़ रुपये का था, फिर हमने द्वितीय चरण के लिए 310 करोड़ रुपये स्वीकृत किये। परिसर विस्तार के कार्य में कई मकान विस्थापित किये।

हमने 150 करोड़ रूपये की लागत से विस्थापन कार्य किया। विकास कार्यों की लम्बी श्रंृखला है। रूद्रसागर के पुनर्जीवित होने से इसमें क्षिप्रा नदी का पानी रहेगा। मंदिर में लाइटिंग और साउंड सहित महाकाल पथ का निर्माण किया गया।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter