Maharashtra Politics: संजय राउत का बड़ा बयान, BJP-शिवसेना का रिश्ता आमिर खान-किरण राव जैसा

मुंबई, एएनआइ : शिवसेना नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने सोमवार को पूर्व गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ अपनी पार्टी के रिश्तों की तुलना अभिनेता आमिर खान और पत्नी किरण राव के बीच संबंधों से की।

बालीवुड की इस चर्चित जोड़ी ने हाल ही में पति-पत्नी के तौर पर अलग होने की घोषणा की है। राउत की प्रतिक्रिया महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के रविवार उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवसेना दुश्मन नहीं हैं।

राउत ने कहा कि हम लोग भारत-पाकिस्तान नहीं हैं। आमिर खान और किरण राव को देखिए, यह उनके जैसा है। हमारे (शिवसेना व भाजपा) राजनीतिक तरीके अलग हैं लेकिन दोस्ती बरकरार रहेगी।

राज्य में महा विकास अघाड़ी सरकार में दरार और शिवसेना के साथ भाजपा के गठबंधन की अटकलों के बीच शिवसेना नेता की टिप्पणी आई है। हालांकि भाजपा ने दोनों पार्टियों के बीच ऐसे किसी गठबंधन की संभावना से इन्कार किया है।

फड़नवीस की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि भाजपा, शिवसेना दुश्मन नहीं हैं। यह सौ फीसद सच है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि दोनों एक साथ आएंगे और सरकार बनाएंगे।

उल्लेखनीय है रविवार को मीडिया से बातचीत में महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस ने कहा कि भाजपा और शिवसेना के बीच कुछ मतभेद हो सकते हैं लेकिन वे दुश्मन नहीं हैं।

राजनीति में ‘अगर-मगर’ नहीं होते। तात्कालिक परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिए जाते हैं। शिवसेना के साथ कुछ मतभेद हो सकते हैं लेकिन हम दुश्मन नहीं हैं। याद रखें कि शिवसेना ने हमारे साथ चुनाव लड़ा लेकिन चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस और राकांपा से हाथ मिला लिया। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter