कोरोना महामारी से निवारण के लिए पंडोखर धाम में शुरू हुआ महायज्ञ, विद्वान आचार्यों द्वारा संपन्न कराया जा रहा अनुष्ठान

दतिया। तहसील से 20 किलोमीटर दूरी पर स्थित प्रसिद्ध पंडोखर सरकार धाम में विश्व शांति एवं कोरोना आपदा निवारणार्थ अखंड श्रीराम महायज्ञ बुधवार 19 मई से प्रारंभ हो गया। पंडोखर सरकार पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज की देखरेख में श्रीराम महायज्ञ का निर्धारित कोरोना गाईड लाइन का पालन करते हुए आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यज्ञ अखंड रूप से अनवरत जारी रहेगा। कोरोना महामारी को देखते हुए आपदा निवारणार्थ यह यज्ञ किया जा रहा है।

पंडोखर धाम के संस्थापक ट्रस्टी मुकेश गुप्ता ने बताया कि विश्वव्यापी महामारी कोरोना वायरस के कारण आज सम्पूर्ण मानवता पर संकट आया हुआ है। इस आपदा के निवारण के लिए पंडोखर धाम में श्रीराम महायज्ञ के माध्यम से अखण्ड अनुष्ठान प्रारंभ किया गया है। पंडोखर धाम के मुख्य आचार्य पंडित उमाशंकर शास्त्री के निर्देशन में पांच विद्वान सहयोगी आचार्यों के द्वारा यह अनुष्ठान विधि-विधान के साथ प्रतिदिन सुबह 7 बजे से सांय 7 बजे तक किया जा रहा है। यज्ञ के दौरान सीमित संख्या में निर्धारित दूरी का पालन करते हुए विद्वान आचार्यों द्वारा आहूति दी जाती है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी पंडोखर पीठाधीश्वर संत गुरुशरण महाराज ने कोरोना जैसी आपदा से निपटने के लिए महायज्ञ किए जाने की आवश्यकता बताई थी। उन्होंने दावा भी किया था कि यज्ञ अनुष्ठान के माध्यम से इस तरह की आपदाओं से निपटा जा सकता है। इसके लिए उन्होंने शासन प्रशासन से महायज्ञ करने की अनुमति भी चाही थी। उनका कहना था कि साधु संत हमेशा ही मानव जाति पर आई आपदा को दूर करने में हमेशा प्रयास करते रहे हैं। इस बार भी संत विद्वानों के माध्यम से यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराकर इस आपदा पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter