विद्युत सब स्टेशन पर बड़ा हादसा : करंट लगने से झुलसा कर्मचारी, हालत गंभीर होने पर किया गया रेफर !

दतिया : जिले के भांडेर स्थित टीवी टावर 33 केवी विद्युत सब स्टेशन पर शुक्रवार सुबह काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेंटेनेंस कार्य कर रहे एक आउटसोर्स कर्मचारी को अचानक करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद सब स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार घायल कर्मचारी धर्मेंद्र जाटव, जो भिंड जिले के दबोह क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, सब स्टेशन पर तकनीकी कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक विद्युत सप्लाई चालू हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही कर्मचारी पोल पर ही बेहोश हो गया।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर उसे नीचे उतारा और प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। बाद में घायल कर्मचारी को उपचार के लिए ग्वालियर ले जाया गया।

परमिट के बावजूद कैसे चालू हुई बिजली, उठे सवाल : घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार्य शुरू करने से पहले लाइन बंद कर परमिट लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अचानक बिजली चालू हो गई।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कार्य के दौरान बिजली सप्लाई दोबारा कैसे शुरू हुई और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई। यदि किसी कर्मचारी की गलती सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter