CM मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले : प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए ₹7,000 करोड़ से अधिक की सौगात;46,574 घरों का होगा विद्युतीकरण !

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को मंत्रालय में आयोजित राज्य मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के बुनियादी ढांचे, पशुपालन, सहकारिता, ऊर्जा और आध्यात्मिक पर्यटन के विस्तार हेतु ₹7,000 करोड़ से अधिक के ऐतिहासिक प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कैबिनेट निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि ये फैसले आगामी पांच वर्षों (16वें वित्त आयोग की अवधि 2026-27 से 2030-31) में मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास को नई गति देंगे।

कैबिनेट के प्रमुख निर्णय और बजट आवंटन

  • ओंकारेश्वर में ‘अद्वैत लोक’ निर्माण को ₹2,278.99 करोड़: ‘वेदान्त पीठ की स्थापना’ के अंतर्गत ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में ‘अद्वैत लोक’ (शंकर संग्रहालय) के निर्माण हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 के लिए ₹2,278 करोड़ 99 लाख मंजूर किए गए हैं। यहां हाईस्क्रीन थियेटर, माया गैलरी, लेजर लाइट वाटर एंड साउंड शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र और कलाग्राम के माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन व अद्वैत दर्शन को प्रस्तुत किया जाएगा।

  • ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ का अनुसमर्थन: मध्यप्रदेश को देश की ‘मिल्क कैपिटल’ बनाने और गिर, साहीवाल, थारपारकर व मालवी जैसी देशी दुधारू गायों के संवर्धन के लिए यह नवीन योजना लागू की गई है। प्रथम वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभाओं के एक-एक चिन्हित ‘वृंदावन ग्राम’ तथा 2027-28 से सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता होगी। प्रतिदिन 6 लीटर या अधिक दूध देने वाली देशी गाय पालने वाले पात्र गौपालकों को गोवर्धन पूजा पर प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख, द्वितीय ₹50 हजार और तृतीय ₹25 हजार दिया जाएगा (जिसका 100% उपयोग देशी गौवंश संवर्धन में करना अनिवार्य होगा)।

  • दतिया सहित 9 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को ₹325 करोड़ की अंशपूंजी: कमजोर वित्तीय स्थिति वाले 9 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को उबारने के लिए ₹325 करोड़ की अंशपूंजी सहायता स्वीकृत की गई है। इसके तहत वर्ष 2026-27 में दतिया, रीवा, सतना, शिवपुरी और जबलपुर के जिला बैंकों को ₹25-25 करोड़ तथा रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला बैंकों को ₹50-50 करोड़ प्रदान किए जाएंगे।

  • सहकारी समितियों के चुनाव एक वर्ष आगे बढ़े: नवगठित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कार्य संचालन पूर्णतः शुरू न होने के कारण इनके ड्यू हो चुके निर्वाचन की अवधि एक वर्ष आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जाएंगे।

  • 46,574 घरों के विद्युतीकरण हेतु ₹193.72 करोड़: केंद्र सरकार की आरडीएसएस (RDSS) योजना के प्रथम चरण में 20 व अधिक घरों वाली 1,834 बसाहटों के 46,574 अविद्युतीकृत घरों और 54 शासकीय संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए ₹193 करोड़ 72 लाख (केंद्रांश 60% यानी ₹116.24 करोड़ और राज्यांश 40% यानी ₹77.48 करोड़) की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। 20 से कम घरों वाली बसाहटों को भी राज्य सहयोग देने पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है।

  • खनिज अन्वेषण नीति और प्रशासनिक योजनाएं: खनिज सर्वेक्षण व ड्रिलिंग कार्यों के लिए मध्यप्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है (जिसका सर्वे वर्ष 2028 के अंत तक पूर्ण होगा)। इसके अतिरिक्त सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं (लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पेंशन, सीएम एनेक्सी निर्माण आदि) के लिए ₹3,059 करोड़ 7 लाख तथा ‘मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान (वैवेकिक अनुदान)’ योजना के लिए ₹1,165 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!