नई दिल्ली | सीमा पार संचालित तस्करी नेटवर्क का हुआ खुलासा राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली में संचालित एक अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 15 किलोग्राम विदेशी मूल का तस्करी किया गया सोना जब्त किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 21.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान गिरोह के मुख्य साजिशकर्ता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
थाईलैंड से आई खेप में छिपाकर भेजा गया था सोना
डीआरआई अधिकारियों ने दिल्ली के कूरियर टर्मिनल पर थाईलैंड से आई एक अंतरराष्ट्रीय कूरियर खेप को रोका। दस्तावेजों में इसे “प्रयुक्त गियर” बताया गया था, लेकिन गहन जांच में मशीन के पुर्जों के भीतर डिस्क के आकार में छिपाए गए विदेशी मूल के सोने के टुकड़े मिले। कूरियर से कुल 12 किलोग्राम सोना बरामद किया गया।
छापेमारी में मिला अतिरिक्त तीन किलो सोना
कूरियर की जांच के बाद डीआरआई ने लक्षित प्राप्तकर्ता और कथित मास्टरमाइंड के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 1.5-1.5 किलोग्राम वजन के दो और सोने के डिस्क बरामद किए गए। इस तरह कुल जब्ती बढ़कर 15 किलोग्राम हो गई।
क्रिप्टोकरेंसी से हो रही थी फंडिंग
जांच एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में एक विदेशी नागरिक और एक आदतन अपराधी भी शामिल है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तस्करी के नेटवर्क को वित्तीय सहायता देने के लिए सीमा पार धन हस्तांतरण में क्रिप्टोकरेंसी का उपयोग किया जा रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

