डीआरआई की बड़ी कार्रवाई : मिजोरम में 9.72 करोड़ रुपये की मेथामफेटामाइन जब्त, म्यांमार से तस्करी का पर्दाफाश

मिजोरम : राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए मिजोरम में 9.72 करोड़ रुपये मूल्य की मेथामफेटामाइन गोलियां जब्त की हैं।

यह कार्रवाई 30 मई 2025 को आइजोल-चंफई राजमार्ग (एनएच-6) पर स्थित सेलिंग क्षेत्र में की गई, जहां एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 वाहन से 9.72 किलोग्राम मादक गोलियां बरामद की गईं।

अधिकारियों ने वाहन की पिछली सीट के नीचे बने एक गुप्त कक्ष से 10 पैकेट बरामद किए, जिनमें मेथामफेटामाइन छिपाई गई थी। जब्त की गई अवैध सामग्री और वाहन को मौके पर ही कब्जे में लिया गया तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

उसके खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मादक पदार्थ म्यांमार से भारत-म्यांमार सीमा के ज़ोखावथर सेक्टर के जरिए मिजोरम में तस्करी कर लाया गया था।

जनवरी 2025 से अब तक डीआरआई ने मिजोरम राज्य में 72 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त की है और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दोषियों को 10 वर्ष तक के कठोर कारावास की सजा का प्रावधान है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!