पाकिस्तान से जुड़े आयात पर DRI की बड़ी कार्रवाई : कांडला पोर्ट पर 13 कंटेनरों में पकड़े गए प्रतिबंधित सूखे खजूर, 3 करोड़ की खेप जब्त

नई दिल्ली | भारत में पाकिस्तान से आयात पर लागू प्रतिबंध के बावजूद तीसरे देश के जरिए प्रतिबंधित सामान भेजने की कोशिश का बड़ा मामला सामने आया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने गुजरात के कांडला बंदरगाह पर कार्रवाई करते हुए 13 कंटेनरों में पहुंचे प्रतिबंधित सूखे खजूर की खेप जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।

यूएई से आयात दिखाया, लेकिन जांच में निकला पाकिस्तानी माल : जांच के दौरान पता चला कि आयात दस्तावेजों में सूखे खजूर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से आया हुआ बताया गया था। हालांकि, जांच में सामने आया कि खेप की वास्तविक उत्पत्ति पाकिस्तान थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, माल पहले पाकिस्तान से दुबई भेजा गया और वहां से कंटेनर बदलकर भारत पहुंचाया गया, ताकि उसकी वास्तविक पहचान छिपाई जा सके।

सीमा शुल्क कानून के तहत जब्त की गई पूरी खेप : अधिकारियों का कहना है कि आयातकों ने माल के मूल देश से जुड़ी जानकारी छिपाकर नियमों का उल्लंघन किया। इसी आधार पर पूरी खेप को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है और इसमें शामिल लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

एक सप्ताह पहले भी पकड़ी गई थी प्रतिबंधित खेप : डीआरआई ने बताया कि हाल ही में तमिलनाडु के तूतीकोरिन बंदरगाह पर भी इसी तरह की कार्रवाई में पाकिस्तान से जुड़े गुग्गुल राल की खेप पकड़ी गई थी। उस मामले में माल को सोमालिया का बताकर भारत भेजने की कोशिश की गई थी। जांच के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।

पाकिस्तान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर है प्रतिबंध : केंद्र सरकार द्वारा विदेश व्यापार नीति के तहत पाकिस्तान से उत्पन्न या वहां से निर्यात होने वाले किसी भी सामान के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात पर प्रतिबंध लागू है। डीआरआई का कहना है कि ऐसे मामलों में फर्जी दस्तावेजों और तीसरे देशों के माध्यम से प्रतिबंध से बचने की कोशिशों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter