भोपाल। मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर चल रही अटकलों और भ्रामक खबरों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को पूर्ण विराम लगा दिया। मुख्यमंत्री निवास स्थित ‘संवाद भवन’ में आयोजित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश के किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा और उनकी नियुक्ति से संबंधित वर्तमान व्यवस्था यथावत जारी रहेगी।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में लगभग 40 कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों ने विशाल गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया और शासकीय सेवकों के हित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कर्मचारी हितैषी फैसलों से बढ़ा उत्साह: पदोन्नति, CPCT छूट और अनुकंपा नियुक्ति पर जोर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी भी सरकार की वास्तविक ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों की कार्यक्षमता और मुस्कान से होती है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के कल्याण के लिए उठाए गए प्रमुख कदमों को रेखांकित किया:
दो संतान का नियम समाप्त और CPCT में छूट: राज्य सरकार ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति और कार्यरत कर्मचारियों के लिए दो बच्चों की सीमा की बाध्यता को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके साथ ही सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदोन्नति में कुछ शर्तों के साथ कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेशन टेस्ट (CPCT) की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
एक लाख से अधिक पदोन्नतियां और भत्तों का पुनरीक्षण: प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है, जिससे विभागों में युवा एवं ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है। सरकार ने लगभग 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है तथा पेंशनरों को महंगाई भत्ता (DA) देने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य से सहमति लेने की पुरानी असंगत प्रथा को भी समाप्त कर दिया है।
अनुकंपा नियुक्ति में तेजी: दिवंगत शासकीय सेवकों के परिजनों को संबल देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का त्वरित निराकरण हो रहा है। अकेले स्कूल शिक्षा विभाग ने एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां प्रदान की हैं।
कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को सराहा : भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्षों से लंबित वेतन विसंगतियों और पदोन्नति की बाधाओं को दूर कर कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाई है। मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों सक्रिय हैं।
समारोह में म.प्र. राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, लघु वेतन कर्मचारी संघ अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, शिक्षक कांग्रेस अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, राज्य कर्मचारी संघ अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, अजाक्स प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ अध्यक्ष रमेश राठौर, सचिवालय शीघ्रलेखक संघ अध्यक्ष सुभाष वर्मा, नगर निगम-पालिका कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी, ग्रामीण कृषि अधिकारी संघ संरक्षक मनोहर गिरि व वाहन चालक संघ प्रदेशाध्यक्ष मनोज कुमार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

