दतिया में कांग्रेस-बसपा को बड़ा झटका : बसपा के पूर्व सेवढ़ा प्रत्याशी लाखन सिंह यादव समेत सैकड़ों नेताओं-कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन

दतिया/भोपाल : दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच भाजपा ने कांग्रेस और बसपा को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। शुक्रवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल के समक्ष बसपा के सेवढ़ा से पूर्व प्रत्याशी लाखन सिंह यादव सहित कांग्रेस और बसपा से जुड़े कई जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सभी नए सदस्यों को भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में स्वागत किया और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।

‘विकासवादी नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे लोग’ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि दतिया की जनता अपने क्षेत्र का निरंतर विकास, समाज का सम्मान और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा चाहती है। उन्होंने कहा कि इन तीनों अपेक्षाओं को पूरा करने का सामर्थ्य भारतीय जनता पार्टी के पास है। भाजपा केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की भी चिंता करती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी विकास यात्रा को दतिया में आगे बढ़ाने का काम भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यही विश्वास लगातार लोगों को भाजपा से जोड़ रहा है।

दतिया में विकास और विश्वास का नया अध्याय लिखने का दावा : हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान, समर्पण और संगठन की भावना पर चलने वाला दल है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और योगदान के अनुरूप सम्मान एवं अवसर दिया जाता है। विभिन्न दलों से बड़ी संख्या में लोगों का भाजपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास भाजपा की विकासवादी राजनीति में लगातार मजबूत हो रहा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर भाजपा की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के आशीर्वाद से दतिया में भाजपा प्रचंड बहुमत से विजय हासिल कर विकास, विश्वास और जनसेवा का नया अध्याय लिखेगी।

ये नेता और कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल : भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में डॉ. अमित यादव, वरिष्ठ नेता बलवीर यादव, राघवेन्द्र सिंह यादव, सोनू पटेल, भांडेर मुरगुवा सरपंच उपेन्द्र यादव, जगमोहन रावत, यादव महासभा के जिला उपाध्यक्ष सूर्यकांत यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शत्रुघ्न यादव, जनपद सदस्य विवेक बघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष सपा एवं सेवढ़ा व भांडेर प्रत्याशी नरेश कठेरिया, बसपा के मोहित मावई, सरपंच मोनू यादव, कांग्रेस जनपद सदस्य मिथलैश उचारिया और जगमोहन दुबे सहित सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

इस दौरान संभाग प्रभारी अभय सिंह यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल, पूर्व मंडी अध्यक्ष राम यादव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter