संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए करें हर संभव प्रयास भांडेर में हुई आपदा प्रबंधन की बैठक

दतिया। भांडेर ब्लॉक स्तरीय क्राइसिस ग्रुप (आपदा प्रबंधन) की बैठक का आयोजन क्षेत्रीय विधायक रक्षा सिरोनिया की अध्यक्षता में जनपद पंचायत भांडेर के सभाकक्ष में दोपहर एक बजे से किया गया। बैठक मुख्य रूप से भांडेर अनुभाग के नगरीय-ग्रामीण क्षेत्रों में अपना प्रभाव दिखा रहे कोरोना वायरस पर नियंत्रण को लेकर किए जा रहे प्रयासों और इस संबंध में मांगे गए सुझावों पर केंद्रित रही। फिलहाल दस मई सुबह 6 बजे की स्थिति में जारी कोरोना कर्फ़्यू में क्या-क्या किया जाना है और कैसे करना है इस पर भी चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से कोरोना संक्रमण की दिनों दिन हो रही वृद्धि को देखते हुए बैठक में एसडीएम माहौर ने जिला प्रशासन के उस निर्णय के तहत कार्रवाई को अंजाम देने की बात कही जिसमें यदि किसी परिवार में कोविड पेशेंट है और उसके यहां ऐसे पेशेंट के लिए पृथक से व्यवस्था, रहवास के रूप में नहीं है तो ऐसे पेशेंट को परिवार के अन्य सदस्यों में संक्रमण वाहक बनने से रोकने के लिए प्रशासन द्वारा नगर-गांव में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में भेजने का सख्ती से पालन किया जाए। विधायक ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति प्रदान की।

कोरोना कर्फ़्यू दौरान लोगों का जनजीवन प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं के लिए सम तारीखों में उचित प्रतिबंध के साथ कुछ छूट प्रदान की है। इनका लोग ईमानदारी से पालन करें। अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें। पंचर की दुकानें भी सुबह 6 से 10 बजे तक ही खोलें।

जल प्रदाय व्यवस्था पर झलका आक्रोश

वर्तमान में नगर में नपं द्वारा नगरवासियों को शुद्ध पेयजल प्रदाय करने में विफल साबित हुई है। इसे लेकर बैठक में जिला उपाध्यक्ष भाजपा राजेश चौहान तथा वरिष्ठ एडवोकेट राधागोविंद बुधौलिया ने नपं पर यह कहते हुए आक्रोश व्यक्त किया कि वर्तमान में जहां लोग कोरोना से जूझ रहे हैं वहीं नपं ऐसे मुश्किल के वक्त में मलमूत्र युक्त दूषित पेयजल आपूर्ति कर रही है। बुधौलिया ने एसडीएम से यहां तक कह दिया कि यदि अभी कोरोना का समय नहीं चल रहा होता तो मैं वह पानी लाकर पिलवाता। बैठक में जल प्रदाय व्यवस्था में जलावर्धन योजना के तहत निर्मित फिल्टर प्लांट पर उक्त योजना के ठेकेदार द्वारा पानी को शुद्ध करने में विशेषज्ञ कर्मचारी की तैनाती किए जाने की मांग की गई।

नगर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के न होने को लेकर बैठक में काफी देर चर्चा हुई। विधायक ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले में चिकित्सकों की तैनाती के लिए ऊपर पहल करेंगी। कोविड वार्ड में शेष तैयारियां शीघ्र ही पूरी कर जल्दी ही इसे चालू कर दिया जाएगा। बीआरसीसी भांडेर मनीष सेन को भी निर्देशित किया गया कि निगरानी दलों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाएं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!