भोपाल/शाजापुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। पहले बेटियों के जन्म के साथ ही परिवारों को उनके विवाह की चिंता सताने लगती थी, लेकिन अब सरकार मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह कराकर उनका घर बसाने में सहयोग कर रही है।
मुख्यमंत्री शनिवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
200 बेटियों का हुआ विवाह-निकाह : सम्मेलन में कुल 200 बेटियों का विवाह और निकाह संपन्न हुआ, जिसमें 162 बेटियों का वैदिक विधि से विवाह ,38 बेटियों का निकाह कराया गया। मुख्यमंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
हर नवदंपति को 49 हजार रुपये की सहायता : मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत हर नवविवाहित जोड़े को गृहस्थी की शुरुआत के लिए 49-49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
फिजूलखर्ची से बचने की अपील : मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि शादी-ब्याह में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची से बचना चाहिए और सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र का विवाह भी सामूहिक विवाह सम्मेलन में ही कराया था।
मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी दी शुभकामनाएं : कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना ने सामाजिक सुरक्षा और सद्भाव को मजबूत किया है। उन्होंने नवदंपतियों को प्रेम, विश्वास और संस्कारों से भरे जीवन की शुभकामनाएं दीं।

