दतिया। खेत पर बने कमरे में बहाने से ले जाकर एक युवक ने विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर डाला। विवाहिता किसी तरह वहां से जान बचाकर हाईवे की तरफ भागी। इसके बाद उसने अपने पति, बेटे और भतीजे को घटना के बारे में पूरी जानकारी। जिसे लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मामला गोराघाट थाना क्षेत्र का है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि खेत बेचने को लेकर बातचीत के बहाने बुलाकर आरोपित ने सुनसान प्लॉट पर बने कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। किसी तरह अपनी जान बचाकर पीड़िता वहां से भागी और सीधे थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के अनुसार, उसके पति ने पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मण कुशवाह को खेत बेच दिया था, जिसकी जानकारी उसे नहीं दी गई थी। बाद में जब महिला को इस सौदे की भनक लगी तो उसने लक्ष्मण से खेत वापस कराने की बात कही। इस पर आरोपित ने भरोसा दिलाया कि वह उस व्यक्ति से बात करा देगा, जिसे खेत बेचा गया है, और इसी बहाने मिलने के लिए कहा।
आरोप है कि लक्ष्मण कुशवाह ने महिला को सुबह के समय सोनागिर तिराहे पर मिलने बुलाया। वहां पहुंचने पर उसने महिला को अपनी बाइक पर बैठाया और गुलियापुरा स्थित अपनी बहन के प्लॉट पर ले गया। पीड़िता ने बताया कि प्लॉट पर एक मकान बना हुआ था, जिसमें बाहर से ताला लगा था। आरोपित ने ताला खोलकर महिला को अंदर ले गया। कमरे में पहुंचते ही उसने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और महिला के साथ जबरदस्ती करने लगा।
पति को फोन पर बताई घटना : महिला का कहना है कि उसने विरोध किया और मदद के लिए चिल्लाने की कोशिश की, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण कोई सहायता नहीं मिल सकी। घटना के बाद किसी तरह मौका पाकर पीड़िता वहां से निकलने में सफल रही। बाहर पहुंचते ही उसने फोन कर अपने पति और बेटे को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर उसने पुलिस को आपबीती सुनाई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।


