युवक को रौंदने के बाद छुपाकर रखी गई मारुति वेन पकड़ी : 26 दिन बाद ढूंढ सकी पुलिस, चालक भी गिरफ्तार

Datia news : दतिया । युवक को रौंदने के बाद छुपाकर रखी गई मारुति वेन आखिरकार पुलिस ने ढूंढ़ निकाली। जिसके बाद पुलिस ने हादसे को अंजाम देकर भागे वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरे मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की मदद लेनी पड़ी। जिसके आधार पर पुलिस असली गुनाहगार तक पहुंच पाई। पुलिस ने छुपाकर रखी गई मारुति वेन को भी जप्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार भांडेर में गत आठ जून की सुबह करीब चार बजे मोर्निंग वाक पर निकले पुराने अस्पताल के पीछे खटावकर चौक निवासी नरेंद्र उर्फ गोलू गुबरेले पुत्र स्वर्गीय राकेश की भांडेर-दतिया मार्ग पर पेट्रोल पंप और पटेल वेअर हाउस के बीच किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से असमय मौत हो गई थी।

इस मामले को पुलिस ने विवेचना में शामिल कर लिया था। घटना के बाद विभिन्न स्थानों से घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज जुटाए गए और एक संदिग्ध मारुति वेन 2009 माडल यूपी 30 टी 0194 की पहचान की गई।

वाहन के निकले तीन मालिक : पुलिस की पड़ताल में यह वाहन हरदोई उप्र के संतोष कुमार के नाम झांसी आरटीओ में रजिस्टर्ड होना पाया गया। इस आधार पर पुलिस ने जब संतोष कुमार से संपर्क साधा तो उसने बताया कि यह वेन उसने कुछ महीने पहले भांडेर निवासी जितेंद्र अहिरवार को बेच दी थी और बाकायदा रजिस्टर्ड स्टंप पर इसकी लिखा-पढ़ी भी की गई। उसने वे दस्तावेज भी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए।

इसके आधार पर पुलिस ने अकबरपुर मोहल्ला निवासी जितेंद्र पुत्र आशाराम को उठाया तो उसने बताया कि उसने भी यह वेन बरकीसरांय निवासी ठाकुरदास अहिरवार को बेची है। जिसके बाद पुलिस ने ठाकुरदास से पूछताछ की लेकिन उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। लेकिन अंततः पुलिस के सामने सच सामने आ गया।

पार्टी लेकर लौटते समय हुआ था हादसा : उस दिन की घटना ठाकुरदास के पुत्र विजय द्वारा घटित होना पाया गया। इस मामले में जो घटनाक्रम सामने आया। उसके अनुसार, विजय 8 जून की सुबह मंगरौनी (भितरवार) से भांडेर की ही एक पार्टी लेकर लौट रहा था और तब यह घटना घटित हुई थी।

पुलिस ने इस मामले में घटना के लिए जिम्मेदार युवक विजय अहिरवार पुत्र ठाकुरदास निवासी बरकीसंराय भांडेर को 4 जुलाई को विधिवत रूप से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही विजय की निशानदेही पर घटना में शामिल छिपाकर रखी गई मारुति वेन को भी जप्त कर लिया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!